SIWAN : सारण जिले के गड़खा थाना क्षेत्र के कदना गांव में सोमवार की रात विवाहिता ने अपने 18 महीने बच्चे के साथ आग लगाकर खुदकुशी कर ली। आत्महत्या किए जाने की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस ने मंगलवार की सुबह मौके पर पहुंचकर दोनों के शव को कब्जे में ले लिया।
बताते चलें कि पिंकी देवी का पति बाहर रहकर प्राइवेट नौकरी करता है, जबकि उसकी पत्नी माता-पिता के साथ घर में रहती थी। घर पर उसके परिवार का कोई अन्य सदस्य नहीं रहता है। सोमवार की रात सूरज के माता-पिता दूसरे कमरे में सो रहे थे। इसी बीच उसकी पत्नी पिंकी ने 18 महीने के शुभम के साथ अपने शरीर पर तेल छिड़ककर आग लगा ली। घर में आग देखकर उसके सास-ससुर उठे और शोर मचाया। जबतक आग मां व बच्चे काे पूरी तरह से अपनी चपेट में ले चुकी थी। इस दौरान जबतक ग्रामीण आग पर काबू पाते तबतक दोनों की झुलसने से मौत हो गई थी।
घटना के बाद इस बात की सूचना स्थानीय पुलिस को दी गई। वहीं सूचना पाकर उसके मायके वाले भी वहां पहुंचे और इसे दहेज हत्या करार दिया। जिसके बाद स्थानीय थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। मंगलवार की सुबह शव का पोस्टमॉर्टम कराने के बाद उसे स्वजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है।