2021/02/20

मैट्रिक छात्रों का सेंटर के बाहर उत्पात...गाड़ियां तोड़ी..पर्चा लीक होने के विरोध में छात्रों ने मचाया हंगामा

PATNA : पटना के AN कॉलेज के बाहर छात्रों ने जमकर तोड़फोड़ की है। मैट्रिक परीक्षा के तीसरे दिन क्वेश्चन पेपर लीक होने के विरोध में छात्रों ने 3 गाड़ियों को ईंट पत्थरों से फोड़ डाला। आज मैट्रिक परीक्षा का चौथा दिन है। कॉलेज में अंग्रेजी की परीक्षा चल रही है। इसी बीच तकरीबन 200-300 की संख्या में छात्रों ने गेट के बाहर रोड़ेबाजी शुरू कर दी। 

इसके बाद वे ईंट-पत्थर फेंकने लगे। इस बीच रास्ते से गुजर रहे कुछ राहगीरों की गाड़ियों को पूरी तरह से तोड़ डाला। इसमें एक क्रेटा कार और इग्निस कार के शीशे फोड़ डाले। ईंट और रॉड से गाड़ियों को तहस-नहस कर डाला। इसमें एक नगर निगम की गाड़ी भी है, जिसे उग्र छात्रों ने पीट-पीटकर तोड़ दिया।

नगर निगम का कर्मी घायल

तोड़फोड़ की इस घटना में नगर निगम का एक कर्मचारी अर्जुन घायल है। वह वार्ड 25 का ड्राइवर है। घटनास्थल पर मौजूद सुरक्षाकर्मी ने बताया कि परीक्षार्थी लाइन में लग रहे थे। इसी बीच कुछ छात्र आए और हंगामा मचाने लगे। इनके हाथों में एडमिट कार्ड था। घटना SK पुरी थाना क्षेत्र से महज कुछ दूरी पर हुई है।

लाइन लगाने के समय उग्र भीड़ का हंगामा

गार्ड पारस ने बताया कि 8:45 बजे परीक्षा के लिए परीक्षार्थियों की लाइन लगाई जा रही थी। इसी बीच 200-300 की संख्या में छात्र आए और तोड़फोड़ करनी शुरू कर दी। उस समय कॉलेज में पुलिस नहीं थी। जब बवाल बढ़ने लगा तो SK पुरी थाना को सूचना दी गई।

 एक छात्रा शताक्षी ने बताया कि एग्जाम देने के लिए मैं अपने माता-पिता के साथ परीक्षा देने पहुंची थी। गेट पर पहुंची तो ईंट-पत्थर फेंके जा रहे थे। शीशे के टुकड़े भी गाड़ियों पर फेंक रहे थे कुछ लोग। ऐसे में हमलोग सेंटर के अंदर जाने के बजाय आगे बढ़ गए। वहां पेट्रोलिंग कर रही पुलिस को इस बात की जानकारी दी तो वे भी दौड़कर घटनास्थल पर पहुंचे।

8 मार्च को दोबारा होगी परीक्षा
बिहार बोर्ड ने शुक्रवार को आयोजित मैट्रिक परीक्षा के सामाजिक विज्ञान विषय की प्रथम पाली की परीक्षा को रद्द कर दिया है। अब यह परीक्षा दोबारा आठ मार्च को आयोजित की जाएगी। इसकी जानकारी बिहार बोर्ड अध्यक्ष आनंद किशोर ने दी। उन्होंने बताया कि सामाजिक विज्ञान के प्रथम पाली में आठ लाख 46 हजार 504 परीक्षार्थी शामिल हुए थे। अब इनकी परीक्षा आठ मार्च को दोबारा ली जाएगी।