LAKHISARAI : बिहार के लखीसराय के संत जोसेफ के निदेशक जयपाल बेंजामिन को गुरुवार को कबैया पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। निदेशक पर स्कूल के ही एक छात्र से दुराचार करने का आरोप लगा है। पुलिस पीड़ित छात्र की मेडिकल जांच करवाने की तैयारी में जुटी है।
कबैया थाना में मौजूद छात्र की मां ने बताया कि गुरुवार को उनका बेटा रोते हुए घर पहुंचा। जब बच्चे से काफी दबाव देकर रोने का कारण पूछा तो बच्चे ने अपने साथ गलत व्यवहार होने की जानकारी दी। बच्चे ने बताया कि पहले तो निदेशक ने उन्हें अपने कमरे में बुलाया और पैर दबवाने के बाद गलत कार्य करने लगा।
विरोध करने पर बच्चे की पिटाई करने की बात कहने लगा। इसपर बच्चे की मां आक्रोशित हो गई और स्कूल पहुंच गई। स्कूल का दरवाजा खटखटाने के बाद भी विद्यालय से निदेशक बाहर नहीं निकले। इसपर महिला थाना पहुंच गई और अपने बच्चे के साथ हुए गलत कार्यों की पूरी जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची कबैया पुलिस ने निदेशक को गिरफ्तार कर लिया।
इधर एसडीपीओ रंजन कुमार ने बताया है कि बच्चे के बयान के आधार पर पुलिस ने प्राथमिक दर्ज कर ली है। इस तरह के कृत्य को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बच्चे का मेडिकल करवाया जा रहा है। दोषी निदेशक के विरुद्ध स्पीडी ट्रायल करवाकर कार्रवाई की जाएगी।