2021/02/12

रोसड़ा में सरस्वती पूजा में नहीं बजेगा डीजे..आर्केष्ट्रा, नाच-गाना कुछ भी नहीं..हुड़दंगियों पर रहेगी पुलिस की कड़ी नजर

SAMASTIPUR : रोसड़ा थाना परिसर में सरस्वती पूजा को लेकर एसडीओ की अध्यक्षता में शांति समिति की बैठक की गई। इस मौके पर काफी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं पूजा समिति के लोग मौजूद रहे। 

बैठक में रोसड़ा थानाध्यक्ष सीता राम प्रसाद ने कहा पूजा के दौरान डीजे व सांस्कृतिक कार्यक्रम होने पर कार्रवाई की जाएगी।  ऐसे में सभी पूजा समिति को शांति व्यवस्था बनाये रखने की जिम्मेवारी होगी।  वहीं डीएसपी ने कहा कि गतिविधि असामान्य महसूस होने पर आप हमें भी जानकारी दे सकते हैं।  


हसनपुर थाना परिसर में गुरुवार को सरस्वती पूजा को लेकर शांति समिति की बैठक थानाध्यक्ष चंद्रकांत गौरी की अध्यक्षता में हुई। बैठक में सीओ आनंदचंद्र झा एवं थानाध्यक्ष ने सरस्वती पूजा विसर्जन के दौरान डीजे नहीं बजाने व अश्लील गाने नहीं बजाने, प्रतिमा नदी के बजाय पोखर में विसर्जित करने, लाइसेंस अनिवार्य रूप से लिए जाने, कमेटी के सदस्यों का नाम मोबाइल नंबर देने सहित कई आवश्यक निर्देश दिया।बैठक में शांति समिति के सदस्य सहित सरस्वती पूजा समिति के पदाधिकारी व सदस्य उपस्थित थे।

सरायरंजन :  बसंत पंचमी के अवसर पर होने वाली सरस्वती पूजा के मद्देनजर गुरुवार को मुसरीघरारी स्थित थाना परिसर में शांति समिति की एक बैठक हुई । बैठक की अध्यक्षता करते हुए बीडीओ गंगा सागर सिंह ने कहा कि सरस्वती पूजा को शांति एवं सौहार्द के वातावरण में मनाएं । इस बार सरस्वती पूजा के अवसर पर डीजे बजाने की सख्त मनाही जिला प्रशासन की ओर से गई है । वैसे भी डीजे स्वास्थ रक्षा एवं अपराध नियंत्रण में बाधक साबित हो रहा है ।

ताजपुर : सरस्वती पूजा को लेकर नेशनल हाई-वे थाना बंगरा परिसर में बृहस्पतिवार को शांति समिति की बैठक थानाध्यक्ष अनिल कुमार के नेतृत्व में हुई। संचालन ज्ञान शंकर कौशल ने किया।सहायक समाहर्ता सह प्रखंड विकास पदाधिकारी विक्रम विरकर को जनप्रतिनिधियों द्वारा बुके चादर माला से समानित किया गया। मौके पर जन प्रतिनिधियों और समाजिक कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए सहायक समाहर्ता ने कहा कि सरकार के दिशानिर्देशों का अनुपालन करते हुए सरस्वती पूजा करें।

रिपोर्ट-पलटन सहनी