DARBHANGA : सूबे के चर्चित दरभंगा स्थित अलंकार ज्वेलर्स से 9 दिसंबर 2020 को हुई करोड़ों के सोना, चांदी के आभूषण व हीरा लूटकांड में राज्य एसटीएफ व दरभंगा पुलिस की टीम ने दिल्ली से घटना में शामिल दो शातिर बदमाश गोलू पासवान और प्रिंस को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों लूट के दौरान दुकान के अंदर दिखे थे। सीसी कैमरे के फुटेज में हरे रंग के कपड़े में गोलू पासवान और लाल रंग के स्वेटर में प्रिंस दिखा था।
एक हफ्ते से दिल्ली में तलाश कर रही थी पुलिस
वरीय पुलिस अधीक्षक बाबूराम ने शुक्रवार को बताया कि दरभंगा पुलिस व एसटीएफ की टीम एक हफ्ते से दिल्ली में दोनों बदमाशों की तलाश कर रही थी। इसके लिए लगातार संदिग्ध ठिकाने खंगाले गए। इस दौरान दिल्ली के बादली इलाके से दोनों पकड़े गए हैं। बदमाशों ने वहां किराए पर कमरा ले रखा था। प्रारंभिक पूछताछ में पता चला है कि 13 किलो लूट की चांदी तरुण साह ने बेची थी।
पैसे को लेकर तरुण साह, मनोज राय, लक्ष्मण राय दिल्ली पहुंचे जहां गोलू, प्रिंस, हनी आदि पहले से मौजूद थे। इस पैसे से एक पुरानी स्विफ्ट गाड़ी भी खरीदी गई थी। जिसका उपयोग बदमाश कर रहे थे। पुलिस ने उक्त वाहन भी बरामद कर लिया है। दिल्ली से दोनों बदमाशों को लेकर पुलिस की टीम दरभंगा के लिए रवाना हुई है। वहीं उनकी निशानदेही पर छापेमारी की जा रही है।
यह है घटनाक्रम
याद रहे कि 9 दिसंबर को हथियारबंद बदमाशों ने दरभंगा के बड़ा बाजार स्थित शहर के चर्चित दगरू सेठ की थोक इकाई अलंकार ज्वेलर्स से 11.5 किलो सोना, चांदी व हीरा के आभूषण समेत करोड़ों के आभूषण लूट लिए थे। यह दुकान पवन कुमार लाठ व उनके भाई सुनील लाठ मिलकर चलाते हैं। बदमाशों ने घटना को अंजाम देने के बाद अंधाधुंध फायरिंग की थी। लूट की घटना को अंजाम दे रहे बदमाशों ने दुकान के अंदर से ही फायरिंग शुरू कर दी। जिसमें व्यवसायी सुनील समेत दो लोग जख्मी हो गए।
इस दौरान बदमाशों ने 25 राउंड से ज्यादा गोली चलाई। लगातार हो रही फायरिंग से आसपास मौजूद लोग डर गए। इतने में बदमाश गांधी चौक पर खड़ी अपनी बाइक लेकर फरार हो गए थे। इसके बाद से पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। अबतक मामले में डेढ़ दर्जन से ज्यादा बदमाश जेल भेजे जा चुके हैं। लूटे गए आभूषणों का कुछ हिस्सा बरामद करने में पुलिस कामयाब हुई है। प्रिंस और गोलू की गिरफ्तारी के बाद घटना के पूर्ण पर्दाफाश की उम्मीद जगी है।