MADHEPURA : मधेपुरा के पुरैनी थाना इलाके के गणेशपुर में एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान सोनू पासवान के तौर पर हुई है। परिजनों के मुताबिक सोनू को मैसेज कर उसके ही दोस्त ने घर से बाहर बुलाया। घर से कुछ दूरी आगे जाते ही हथियारों से लैस कुछ बदमाशों ने उसे पकड़ लिया। इसके बाद अगवा कर समाज कल्याण चौक से गणेशपुर जाने वाली रोड पर ले गए। फिर चूड़ा मिल के पास सिर और आंख में गोली मार कर हत्या कर दी।
मृतक के परिजनों ने थाना में आवेदन देकर 4 लोगों को नामजद अभियुक्त बनाया है। पुरैनी थानाध्यक्ष दीपक चंद्र दास ने बताया कि यह घटना पूर्व के किसी विवाद के कारण हुआ है। जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार किया जाएगा। शनिवार की रात पुलिस को सूचना मिली कि युवक सोनू पासवान का अपहरण हो गया है।
पुलिस इस मामले की छानबीन कर ही रही थी कि रात 9:30 में गणेशपुर इलाके में एक युवक को गोली मारने की सूचना मिली। इसके बाद घटनास्थल से युवक को अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। स्थानीय लोगों के मुताबिक युवक की हत्या के बाद बदमाशों ने कई राउंड गोलियां चलाई।