2021/02/08

बिहार में बैंक डकैती की साजिश रचते 6 शातिर गिरफ्तार, तीन लोडेड कट्टा व 9 गोली, दो बाइक बरामद

MUZAFFARPUR : सकरा इलाके में रोड राॅबरी करने वाले बाइकर्स गैंग के छह शातिरों को पुलिस ने तीन लोडेड कट्टा व 9 गोली, दो बाइक, 7 मोबाइल व 2 एटीएम कार्ड के साथ गिरफ्तार किया है। पूछताछ में इन अपराधियों ने बैंक डकैती को अंजाम देने की साजिश का खुलासा किया है।

एएसपी सैयद इमरान मसूद ने बताया कि 6 फरवरी की सुबह 11 बजे सूचना मिली कि मनोहर पट्टी मंदिर के पास जुटे कुछ अपराधी डकैती की साजिश रच रहे हैं। जिसके बाद सकरा व मनियारी थाने की टीम बना कर छापेमारी की गई। पुलिस को देखते ही मंदिर के पास पेड़ की आड़ में दो बाइक लगा कर बैठे अपराधी भागने लगे। जिन्हें घेराबंदी कर पुलिस ने पकड़ लिया।

तलाशी लेने पर अपराधियों के पास से तीन लोडेड कट्टा व 9 गोली, दो बाइक, 7 मोबाइल व 2 एटीएम कार्ड बरामद हुआ। गिरफ्तार आरोपितों में सरमस्तपुर डीह का मुकेश कुमार, सबहा महदैया का विक्रम कुमार उर्फ विक्रम मैक्स, सरमस्तपुर का रवि कुमार, विजय शर्मा,‌ केशोपुर का राहुल कुमार और सबहा का सूरज कुमार शामिल है।

सभी को पूछताछ के बाद जेल भेज दिया गया। छापेमारी टीम में सकरा थानेदार रामनाथ प्रसाद, मनियारी थानेदार योगेन्द्र प्रसाद, एसआई ललन कुमार, सुनील कुमार थापा, सत्येन्द्र कुमार पांडेय, एएसआई चेतु राम आदि शामिल थे।