2021/02/16

बड़ी खबर :पुलिस की गोली से घायल हुआ फरार रणवीर यादव..जाँच में जुटी पुलिस

KHAGARIA : मानसी के सैदपुर दियारा में पुलिस व अपराधी गिरोह के बीच मुठभेड़ होने की खबर है। मुठभेड़ में एक पुलिस कर्मी बाल-बाल बच गए। जबकि सैदपुर निवासी कुख्यात रणवीर यादव को गोली लगने की सूचना है। अंधेरा के कारण समाचार लिखे जाने तक वस्तुस्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई है। मालूम हो कि कई कांडों का फरारी रणवीर की गिरफ्तारी को लेकर एसपी अमितेश कुमार ने मानसी थानाध्यक्ष को टास्क दिया था।

जानकारी अनुसार सोमवार को पुलिस को सूचना मिली कि कुख्यात रणवीर यादव सैदपुर दियारा में है। थानाध्यक्ष दीपक कुमार के नेतृत्व में पुलिस रवाना हुई। थानाध्यक्ष ने मुठभेड़ होने की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस को देखते ही अपराधी गोली चलाने लगा। पुलिस द्वारा भी जवाबी कार्रवाई की गई। उन्होंने बताया कि रणवीर को जांघ में गोली लगने की सूचना है। लेकिन अब तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है। 

अंधेरा का लाभ उठाकर भागने में वह सफल रहा। ऑपरेशन जारी है।  छापेमारी में शामिल एक पुलिस के जवान ने इतना बताया कि दोनों ओर से करीब एक दर्जन चक्र गोलियां चली होगी। ऑपरेशन समाप्त होने बाद मिलान किया जाएगा।