MUZAFFARPUR : विशेष पुलिस टीम ने करजा थाना क्षेत्र के रसुलपुर इलाके में छापेमारी कर हरियाणा व अन्य प्रदेशों के शराब सिंडिकेट का पर्दाफाश किया है। सूचना मिली थी कि रसुलपुर में शराब धंधेबाज राहुल के घर पर मोटी रकम रखी गई है।
सिटी एसपी राजेश कुमार और सरैया एसडीपीओ राजेश शर्मा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। इसमें एंटी लीकर टास्क फोर्स के दारोगा कुमार अभिषेक और रवि प्रकाश को भी शामिल किया गया। छापेमारी में कमलेश ठाकुर के पुत्र राहुल के घर से 49.98 लाख रुपये, चार लाख का चेक व एक गोली बरामद की गई, लेकिन ये दोनों गिरफ्त में नहीं आ सके।
इसके बाद वीरेंद्र ठाकुर के घर पर छापेमारी की गई। इसमें वीरेंद्र व उसके पुत्र राहुल कुमार को पकड़ा गया। उसके घर से एक राइफल, दो पिस्टल, तीन मैगजीन, दो गोली व 26 लीटर शराब जब्त की गई। इसके अलावा ठिकाने से अन्य दो आरोपित सरैया पोखरैरा के अभ्यानंद शर्मा उर्फ टिंकू शर्मा व सरैया दुबियाही के आलोक रंजन उर्फ भोला को पकड़ा गया।
पूछताछ में पता चला कि आरोपितों का हरियाणा व अन्य प्रदेशों के शराब सिंडिकेट से जुड़े धंधेबाजों से तार जुड़े हैं। इनके पास से जब्त मोबाइल का कॉल डिटेल्स खंगालकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।