SAMASTIPUR : मुजफ्फरपुर-बरौनी राष्ट्रीय राजमार्ग पर मुसरीघरारी, ताजपुर एवं दलसिंहसराय में फ्लाई ओवर निर्माण की स्वीकृति मिल गई है। इसके लिए विभागीय स्तर पर टेंडर भी हो गया है। अब निर्माण कार्य शुरू होगा।
बताते चलें कि आए दिन इन चौराहों पर लगने वाले लंबे जाम से लोगों को हर रोज काफी परेशानी झेलनी पड़ती थी। वहीं अत्यंत भीड़ के कारण इन चौराहे पर सड़क दुर्घटनाएं भी अत्यधिक होती हैं।
सड़क एवं परिवहन विभाग के द्वारा इन स्थानों को पहले से ही ब्लैक स्पॉट घोषित कर रखा गया है। इन चौराहे पर फ्लाई ओवर के निर्माण से लोगों को एक ओर जहां जाम की समस्या से निजात मिल जाएगी, वहीं दूसरी ओर सड़क दुर्घटनाओं में भी कमी आएगी।
बता दें कि मुसरीघरारी में 574.550 किमी, ताजपुर में 565.175 किमी एवं दलसिंहसराय में 593.660 किमी लंबे फ्लाई ओवर के निर्माण की स्वीकृति मिली है।
इन तीनों फ्लाईओवर के निर्माण पर 130 करोड़ की लागत आएगी। फ्लाईओवर का निर्माण कार्य मार्च 2021 के प्रथम सप्ताह में शुरू किया जाएगा तथा दिसंबर 2021 तक इसका निर्माण कार्य पूरा कर लिया जाएगा।
इस आशय की जानकारी देते हुए भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश मंत्री प्रो. अमरेंद्र कुमार ने बताया कि एनएचएआइ के बिहार प्रमुख चंदन वत्स इस कार्य के प्रमुख हैं। उन्हीं के नेतृत्व में इसका निर्माण कार्य पूरा होगा।
क्षेत्र के लोगों ने फ्लाई ओवर के निर्माण की स्वीकृति दिलाने के लिए अपने सांसद सह केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय व राष्ट्रीय राजमार्ग के केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को साधुवाद दिया है।