2021/02/24

तेजस्वी ने नीतीश से पूछा....आपके घर सीधी पहुंच वाले शराब माफिया में इतना दुःसाहस कहां से आया...पुलिस का ही एनकाउंटर कर रहे हैं

PATNA : बिहार के सीतामढ़ी में बुधवार को दिनदहाड़े शराब तस्करों ने सब इंस्पेक्टर दिनेश राम की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात में एक चौकीदार बुरी तरह से जख्मी है। इस सनसनीखेज वारदात के बाद बिहार में सियासी घमासान तेज होने लगा है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने इस मामले में सीधे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि आखिर शराब माफिया में इतना दुस्साहस कैसे आया कि अब वो पुलिस का ही एनकाउंटर कर रहे हैं।

तेजस्वी यादव ने बुधवार को ट्वीट किया। उन्होंने लिखा, 'सीतामढ़ी में शराब तस्करों ने सब इंस्पेक्टर दिनेश राम की गोली मारकर हत्या कर दी है और एक अन्य को गम्भीर रूप से घायल कर दिया है! माननीय मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जी, आपके घर में सीधी पहुंच रखने वाले शराब माफिया में इतना दुःसाहस कहां से आया कि वो अब पुलिस का ही एनकाउंटर कर रहे हैं?'

इस हमले में दारोगा दिनेश राम और एक चौकीदार को गोली लगी। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल लाया जा रहा था कि रास्ते में ही दारोगा शहीद हो गए। घायल चौकीदार की हालत भी गंभीर बताई जा रही है। इस घटना के बाद जिले के पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। अपने दारोगा की शहादत के बाद साथी पुलिसकर्मियों में भारी आक्रोश है। जिले के एसपी सहित विभाग के सभी बड़े अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं। वहीं गंभीर रुप से जख्मी चौकीदार का इलाज एक निजी नर्सिंग होम में चल रहा है।