गाड़ी से लगे धक्के से बढ़ा मामला
मिली जानकारी के अनुसार घटना पुलिस की गाड़ी से एक ग्रामीण को लगे धक्के के बाद हुई। घटना बुधवार देर शाम की है। केवटी थाना की पुलिस शाम की गश्त में निकली थी। इधर लालगंज निवासी 30 वर्षीय संजय चौपाल दिघियार हाट से सब्जी खरीद साइकिल से घर लौट रहा था। बाढ़ पोखर से पूरब कब्रिस्तान के पास पुलिस की गाड़ी से धक्का लग गया। घायल संजय चौपाल को स्थानीय लोगों ने बाइक से ले जाकर CHC केवटी में भर्ती कराया।
इधर अन्य स्थानीय लोगों ने पुलिस की गाड़ी को घेर लिया था। स्थानीय ग्रामीण पुलिस के प्रति इतने गुस्से में थे कि धक्का-मुक्की करने लगे। इतने से भी जी नहीं भरा तो जमकर पिटाई कर दी। पुलिसकर्मी हाथ जोड़ विनती करता रहा लेकिन ग्रामीणों ने सड़क पर गिरा-गिरा कर लात-जूतों से जमकर पीटा।
6-7 लोगों की हो गई है पहचान
केवटी थानाध्यक्ष शिव कुमार ने घटना के बारे में कहा कि 6-7 लोगों की पहचान की गई है। उनके खिलाफ कार्रवाई करने की तैयारी की जा रही है। जिन दारोगा के साथ यह घटना हुई है, उन्हें हल्की चोट है। उनका इलाज कराया गया है। मामले में प्राथमिकी दर्ज की जा रही है।