2021/02/19

समस्तीपुर में विभिन्न मांगों को ले आक्रोशित लोगों ने ट्रेन को रोककर किया प्रदर्शन

SAMASTIPUR : अपनी विभिन्न मांगों को लेकर जन अधिकार पार्टी तथा एआईएसएफ के कार्यकर्ताओं ने काफी संख्या में जमा होकर शाहपुर पटोरी रेलवे स्टेशन पर उग्र प्रदर्शन किया। आंदोलनकारियों ने शाहपुर पटोरी रेलवे स्टेशन के समीप 01665 डाउन हबीबगंज अगरतला एक्सप्रेस को रोक दिया तथा हाथों में झंडा लेकर उग्र प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी सरकार विरोधी नारे लगा रहे थे तथा किसान बिल वापस लिए जाने की मांग कर रहे थे। 

पूर्व विधायक अजय कुमार बुलगानीन तथा सूर्यनारायण सहनी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने सरकार पर देश बेचने का आरोप लगाया और कहा कि लोगों को आम सुविधा प्रदान न कर यह सरकार कॉर्पोरेट कंपनियों के लिए ही काम कर रही है। लोगों ने किसान बिल वापस लिए जाने की मांग की। जाम करने वाले लोगों ने लॉकडाउन के पश्चात बंद किए गए सभी पैसेंजर ट्रेनों के परिचालन शुरू करने की मांग की तथा कहा कि क्षेत्र के लोगों को पटना और अन्य क्षेत्रों में जाने में काफी अधिक असुविधा होती है। 

साथ ही काफी अधिक पैसे भी खर्च करना पड़ता है। इस परिस्थिति में पैसेंजर ट्रेन के परिचालन से आम लोगों को सुविधा होगी। लोगों ने मांग की कि पटोरी से हाजीपुर, पटना, बरौनी आदि क्षेत्रों के लिए पैसेंजर ट्रेन का परिचालन शुरू किया जाए। लोगों ने यह भी मांग की कि जनहित एक्सप्रेस का शाहपुर पटोरी रेलवे स्टेशन पर ठहराव दिया जाए। साथ ही कर्पूरी पार्क का जीर्णोद्धार किया जाए। मांग की गई कि पार्सल बुकिग की सुविधा बहाल की जाए। इसके अतिरिक्त कई रेलवे से संबंधित समस्याओं के समाधान की मांग भी की गई। 

मौके पर विनोद कुमार राय, कमल सिंह कुशवाहा, नंदकिशोर कापर, विनय कुमार राय, विनोद पंडित, शंभू ठाकुर, खुशबू कुमारी, अरविद कुमार राय, रणधीर कुमार राय, सुधीर कुमार, अविनाश कुमार, रामबाबू पासवान, कृष्णदेवराय, विक्की कुमार, सुरेश प्रसाद राय, रामनिवास राय, दीपमाला, पार्वती देवी, फूलो देवी, बासमती देवी, प्रमिला देवी, जय कृष्ण राय सहित काफी संख्या में लोग मौजूद थे।