2021/02/21

भोजपुरी स्‍टार अक्षरा सिंह की भोजपुरी फिल्‍म ‘डोली’ का फर्स्‍ट लुक जारी....भाेजपुरी में अश्लीलता के सवाल का जवाब देगी एक्ट्रेस

DESK : भोजपुरी स्‍टार अक्षरा सिंह की भोजपुरी फिल्‍म ‘डोली’  का फर्स्‍ट लुक जारी हो गया है। यह महिला प्रधान फिल्म है, जिसकी केंद्रीय भूमिका में अक्षरा सिंह नजर आने वाली हैं। फिल्म के निर्माता केशव सिंह और निर्देशक मंजुल ठाकुर हैं। इस फिल्म में अक्षरा सिंह के साथ भोजपुरी के गायक व अभिनेता रितेश पांडेय, विपिन सिंह, नीलिमा सिंह हैं। यह फिल्म अक्षरा सिंह की लंबी चाहत की उपज है, जो अब बनकर तैयार है।

बता दें कि अक्षरा सिंह ने अभिनय के साथ की भोजपुरी गायकी को भी नया आयाम दिया है। वे भोजपुरी की पहली ऐसी सिंगर हैं, जिनको हर साल कई मिलियन फॉलोअर्स मिल रहे हैं। अब अक्षरा सिंह ने अपने बैनर के जरिये खुद एक ऐसी फिल्म की नींव रखी है, जिसकी उनको लंबे समय से तमन्ना थी। इस फिल्म का फर्स्ट लुक भी अब सबके सामने है। 

फिल्म के जरिये अक्षरा उन लोगों को करार जवाब देने जा रही हैं, जो अक्सर उन्हें भोजपुरी फिल्मों के नाम पर अश्लीलता से संबंधित तंज भरे सवाल पूछते थे। अक्षरा सिंह कहतीं हैं कि जिनको लगता है कि भोजपुरी फिल्‍में अश्लील होती हैं, वे फिल्म 'डोली' देखें।

यह फिल्म बेहद साफ सुथरी है और महिलाओं के लिए विशेषकर आकर्षण का केंद्र होगी। निर्देशक मंजुल ठाकुर ने कहा कि फिल्‍म ‘डोली’ काफी इंटरटेनिंग और प्रभावशाली है। यह नारी सशक्तीकरण को बढ़ावा देने वाली फिल्‍म है। इसे लॉकडाउन  से पहले उत्‍तर प्रदेश में शू‍ट किया गया है। 

उन्होंने कहा कि फिल्म ‘डोली’ के गीत विनय बिहारी, अरविंद तिवारी और विमल बाबरा ने तैयार किए हैं। संगीत अविनाश झा घुंघरू का है। इसके पीआरओ रंजन सिन्‍हा हैं। फिल्‍म के कोरियोग्राफर राम देवन, कानू मुखर्जी, और संजय कोर्वे हैं। सिनेमेटोग्राफी महेश अन्ना की है।