BHAGALPUR : नाथनगर में अपराधी बेलगाम हो गए हैं। गुरुवार को एक बदमाश ने लूटपाट की नीयत से मुख्य बाजार स्थित खाद-बीज की दुकान में घुसकर व्यवसायी पर दिनदहाड़े गोली चला दी। व्यवसायी ने जब हिम्मत जुटाकर उसे पकडऩे का प्रयास किया तो उसने बम निकालकर हमला करने की कोशिश की। हालांकि बाद में भीड़ जुटने की आशंका देख वह वहां से भाग निकला।
घटना के बाद बाजार में अफरा-तफरी मच गई। दुकानदार धड़ाधड़ अपना शटर गिराने लगे।
सूचना पाकर नाथनगर, ललमटिया और मधुसूदनपुर थाने की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। नाथनगर इंस्पेक्टर ने दुकान के अंदर से एक खोखा बरामद किया। पुलिस ने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे को खंगाला तो उसमें रुपेश यादव की गोली चलाते हुई तस्वीर कैद थी। उसने अपने चेहरे को पीले रंग के गमछे से ढका हुआ था। घटना पौने चार बजे की है। वारदात में व्यवसायी के सहकर्मी सारण कुमार और किशन कुमार को आंशिक चोटें आई हैं।
व्यवसायी बलवीर कुमार ने बताया कि रूपेश ने पहली गोली चलाई तो किसी तरह छिप गया। यह देख वह दूसरी गोली लोड करने लगा। जब मैंने हिम्मत जुटाकर उसे पकडऩे का प्रयास किया तो उसने बम निकाल लिया और पूरे बाजार को बम से उड़ाने की धमकी देने लगा। बलवीर से नाथनगर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
बुधवार को कपड़ा व्यवसायी से मांगी थी रंगदारी
बुधवार को रुपेश ने गोलदारपट्टी स्थित एक कपड़ा व्यवसायी से रंगदारी मांगी थी। गुरुवार को दस बजे तक रुपया तैयार रखने का अल्टीमेटम दिया था। गोलीबारी की घटना के डेढ़ घंटे पहले रुपेश ने अपने दो गुर्गों को भेजा था। दोनों ने पहले दुकान से कपड़े खरीदे। इधर, अल्टीमेटम के बाद दुकानदार सचेत था। उसने पहले से अपने दस लोगों को बुलाकर रखा था। जैसे ही गुर्गों ने पैसे मांगे सबों ने मिलकर उनकी पिटाई कर दी। किसी तरह वेलोग जान बचाकर भागे।
पहले भी मांग चुका है रंगदारी
गत दो अगस्त को तीनों थानों की पुलिस ने मधुसूदनपुर इलाके के मंसर गांव से कुख्यात मन्नू यादव के साथ रुपेश को हथियार के साथ गिरफ्तार कर जेल भेजा था। पर रुपेश एक माह के अंदर ही नाबालिग होने का फायदा उठाकर जेल से बाहर आ गया और रंगदारी की मांग करने लगा। जेल से निकलने के बाद रुपेश ने सितंबर माह में स्वर्ण व्यवसायी से हथियार के बल पर पांच हजार रुपये लूट लिए थे। इससे पहले उसने एक अंडा व्यवसायी पर गोली चलाकर उसके काउंटर से एक लाख रुपये लूट लिए थे। यही नहीं, एक चावल व्यवसायी के पुत्र का अपहरण कर अपने साथ ले गया था। हालांकि पुलिसिया दबिश के दबाव में उसने कुछ ही घंटे में उसे मुक्त कर दिया। दिसंबर माह में भी उसने एक कपड़ा व्यवसायी से रंगदारी मांगी थी। तीनों थानों में उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज है।
गोली चलाने वाले बदमाश की पहचान नूरपुर निवासी रुपेश यादव के रूप में हुई है। उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। - मु. सज्जाद हुसैन, नाथनगर इंस्पेक्टर