PATNA : पटना में मासूमों के साथ रेप के दो मामले लगातार सामने आए थे। पहला मामला शनिवार को सामने आया था। जक्कनपुर थाने के तहत एक इलाके में 14 साल की मूक बधिर बच्ची के साथ पुलिस की गाड़ी चलाने वाले प्राइवेट ड्राइवर सूरज पासवान ने रेप किया था। वारदात के बाद से वह फरार चल रहा था।
दूसरी तरफ, रविवार को पटना के दीघा नहर इलाके के एक होटल में 15 साल की लड़की के साथ गैंगरेप का मामला सामने आया था। इस वारदात को अंजाम देने वाले तीनों आरोपियों को पुलिस टीम ने धर दबोचा है।
इसमें सूरज साव, कृष्णा कुमार और श्रवण कुमार शामिल हैं। ये तीनों ही बालिग हैं। पटना छोड़कर तीनों ही फरार होने की तैयारी में थे। पाटलिपुत्रा स्टेशन से ट्रेन पकड़कर भागने वाले थे।
पुलिस का दावा है कि FIR दर्ज होने के बाद से ही उनकी टीम लगातार आरोपियों के बारे में पता कर रही थी। लोकल एरिया में ही दूसरे के घर पर तीनों छिपे थे। आज ये तीनों एक साथ फरार होने के लिए निकले थे। रूपसपुर-दीघा नहर रोड में पाया नंबर 264 के पास से इन तीनों को पकड़ा गया।
इनकी गिरफ्तारी के लिए महिला थाना और दीघा थाना की टीम साथ काम कर रही थी। इन्हें पकड़ने के बाद सबसे पहले दीघा थाना ले जाया गया। फिर वहां से महिला थाना लाया गया। यहीं पर अब इन तीनों से पूछताछ की जाएगी। ये तीनों पहले से लड़की को जानते थे।
एक ही इलाके में इनका घर भी है। पूछताछ में कुछ नई बातें सामने आने की उम्मीद है। वहीं, गैंगरेप की पीड़िता का सोमवार को मेडिकल टेस्ट कराया गया। साथ ही कोर्ट में उसका बयान मजिस्ट्रेट के सामने दर्ज कराया गया।