2021/02/02

पैक्स अध्यक्ष के पद के लिए नामांकन के बाद भाजपा नेता गिरफ्तार , समर्थकों का हंगामा

BEGUSARAI : बेगूसराय के छौराही थाना पर उस वक्त अफरातफरी मच गई, जब भाजपा किसान प्रकोष्ठ के जिला महासचिव धर्मेंद्र सिंह को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। 38 दिन पहले छौराही BAO से उनका विवाद हुआ था। मंगलवार को वे पैक्स अध्यक्ष चुनाव का नामांकन करने के लिए पहुंचे थे, तभी पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। 

उसके बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने छौराही थाना पहुंच जमकर बवाल किया। कार्यकर्ताओं का आरोप है कि बिना वारंट के थानेदार ने भाजपा नेता को गिरफ्तार कर लिया है। उन्हें जल्द से जल्द रिहा करें, नहीं तो और उग्र प्रदर्शन किया जाएगा। फिलहाल छौराही थाना परिसर में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है। मौके पर कई थानों की पुलिस पहुंचकर कैंप कर रही है।

मारपीट का मामला दर्ज कराया गया था

बीते 25 दिसंबर को अटल जयंती के अवसर पर छौराही प्रखंड परिसर में कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इसमें प्रखंड कृषि पदाधिकारी (BAO) रामकिशोर शर्मा और धर्मेंद्र सिंह के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। विवाद के बाद BAO द्वारा छौराही थाने में मारपीट का मामला दर्ज कराया गया था।

प्रखंड मुख्यालय से गिरफ्तारी

धर्मेंद्र सिंह मंगलवार को मालपुर पंचायत के पैक्स अध्यक्ष चुनाव को लेकर नामांकन करने छौराही प्रखंड मुख्यालय परिसर आए हुए थे। इसी दौरान छौराही थाने की पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी की सूचना जब भाजपा कार्यकर्ताओं को लगी तो नाराज होकर सभी छौराही थाना पहुंचे और हंगामा शुरू कर दिया।

सरकारी रुपयों को लेकर था विवाद

भाजपा कार्यकर्ताओं का कहना है कि 25 दिसंबर को अटल जयंती के अवसर पर किसानों के लिए कार्यक्रम आयोजित करना था। इसमें कुर्सी-टेबल सहित अन्य खर्च के लिए सरकारी रुपए आए थे, लेकिन वह खर्च नहीं हो सके। इसे लेकर किसानों और BAO के बीच धक्का-मुक्की हुई थी, लेकिन किसान प्रकोष्ठ के जिला महासचिव सहित अन्य भाजपा नेताओं पर मामला दर्ज करा दिया गया। हमने भी काउंटर केस किया है। घटना के बाद 25 दिसंबर को BDO ओर BAO से समझौता भी हुआ था, बावजूद इसके धर्मेंद्र सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया। जिन लोगों के ऊपर हमने मामला दर्ज कराया है, उनको क्यों नहीं गिरफ्तार किया गया?

क्या कहती है पुलिस

मामले में मंझौल DSP सत्येंद्र प्रसाद ने बताया कि BAO राम किशोर शर्मा ने धर्मेंद्र सिंह पर मारपीट का मामला दर्ज कराया था। आज जब वो पैक्स चुनाव का नामांकन करने छौराही प्रखंड कार्यालय पहुंचे तो पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया है।