SAHARSA : मंगलवार की अहले सुबह सदर थाना क्षेत्र के इस्लामिया चौक स्थित लॉज के निकट बने शौचालय से बरामद जिले के सौरबाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत महेशपुर गांव निवासी शिव चंद्र मेहता के नाबालिग पुत्र विक्रम की मौत को लेकर उनके पिता के बयान पर मामला दर्ज कर ली गई है। जिसमें उन्होंने बताया है कि मेरा दो पुत्र विकास और विक्रम बीते 2 वर्षों से उक्त लॉज में रहकर पढ़ाई करता था।
मेरा बड़ा पुत्र घर वापस आ गया था। लेकिन छोटा पुत्र विक्रम वहीं रहकर पढ़ाई कर रहा था। इस दौरान 22 फरवरी को विकास वापस लौटकर लॉज पहुंचा तो विक्रम को गायब पाया। जिसके बाद आसपास खोजबीन की गई। लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला। बाद में 23 फरवरी को उनकी लाश लॉज के पीछे बने एवं बंद पड़े शौचालय से बरामद हुई।
उन्हें पता चला है कि सरस्वती पूजा के बाद उक्त कैंपस में रह रहे सौरबाजार थाना क्षेत्र के बैजनाथपुर निवासी अजय कुमार, सुपौल जिले के राघोपुर निवासी विकास कुमार एवं नेपाल निवासी राधेश्याम कुमार के बीच लड़ाई झंझट हुआ था।
उन्होंने आगे बताया है कि उनके पुत्र विकास द्वारा जब अजय से जे•के• जे कोचिंग में लगी सीसीटीवी फुटेज देखने की बात की गई तो उनके कोचिंग के सामने लगे सीसीटीवी कैमरे में दिनांक 20 फरवरी से 21 फरवरी लगभग 18 घंटे तक सीसीटीवी कैमरा के फुटेज गायब था।
उन्होंने आशंका व्यक्त किया कि उक्त तीनों युवक के अतिरिक्त उनके अन्य मित्रों द्वारा साजिश रचकर उनके पुत्र की हत्या कर दी गई है। इधर सदर थाना में उनके आवेदन पर मामला दर्जकर ली गई है। सभी नामित तीनों युवक फिलहाल पुलिस हिरासत में है। वहीं पुलिस द्वारा बीरपुर निवासी उनके चौथे मित्र रोशन कुमार की भी खोजबीन की जा रही है।
अभी किसी की भी गिरफ्तारी पुलिस द्वारा नहीं बताई जा रही है। वहीं पुलिस सूत्रों की माने तो हत्या के प्रमुख कारणों तक पुलिस की निगाह पर चुकी है। जिस पर वे लगातार कार्य कर रहे हैं। घटना का उद्भेदन भी जल्द करने की बातें कही जा रही है। ऐसे में आगे देखना दिलचस्प होगा कि पुलिस कब तक पटाक्षेप कर मामले का सही उद्द्भेदन कर पाती है।
रिपोर्ट-रितेश हन्नी@सहरसा