2021/02/03

परीक्षार्थियों के बेहोश होने से केंद्रों पर रही अफरातफरी, पहले पेट दर्द होने की शिकायत की, बाहर जाने की मांग रहे थे अनुमति

PATNA : बिहार बोर्ड इंटर परीक्षा के दूसरे दिन मंगलवार को परीक्षार्थियों के बेहोश होने से केंद्राधीक्षक से लेकर अभिभावकों में अफरातफरी रही। रामेश्वर कॉलेज केंद्र पर छात्र और आरएमएलवाई डिग्री कॉलेज में छात्रा बेहोश हो गई। आनन-फानन में एम्बुलेंस से इनको अस्पताल भेजा गया। 

अब इसे परीक्षा का डर कहे या मौसम की मार, केंद्रों से परीक्षार्थियों की तबीयत बिगड़ने की सूचना मजिस्ट्रेट की ओर से कंट्रोल रूम को दी जाती रही। केंद्राधीक्षक और पेट्रोलिंग मजिस्ट्रेट की सूचना पर प्रशासनिक नियंत्रण कक्ष के अधिकारी ने उन्हें तुरंत एम्बुलेंस से भेजा। वहीं कई जगह जब अस्पताल भेजने की बात आई तो परीक्षार्थी ने खुद ही जाने से मना कर दिया। परीक्षा से निकल जाने की बाबत तो परीक्षार्थी तैयार थे, मगर अस्पताल जाने के नाम पर मना कर दिया। मंगलवार को पहली पाली में मैथ और दूसरी पाली में भूगोल की परीक्षा थी। 

रामेश्वर कॉलेज केन्द्र पर पहली पाली में परीक्षा शुरू होने के कुछ देर बाद ही एक छात्र के बेहोश होने की सूचना मिली। कंट्रोल रूम के अधिकारी डीपीओ एसएसए डॉ. अमरेन्द्र पांडेय ने बताया कि छात्र ने पहले पेट दर्द होने की बात कही और फिर बेहोश हो गया। वहीं आरएमएलवाई डिग्री कॉलेज में परीक्षा शुरू होने के दो घंटे बाद एक छात्रा ने पेट दर्द की बात कही। उसके बेहोश होने की सूचना दी गई, मगर जब एम्बुलेंस भेजा जाने लगा तो छात्रा ने मना कर दिया। पेट्रोलिंग मजिस्ट्रेट ने बताया कि छात्रा परीक्षा से बाहर निकलने की अनुमति मांग रही थी, पर इस तरह का निर्देश नहीं है। 

पहली पाली में 175 तो दूसरी पाली में 343 ने छोड़ी परीक्षा 
दूसरे दिन की भी परीक्षा जिले में शांतिपूर्ण रही। एक भी परीक्षार्थी निष्कासित नहीं हुआ। पहली पाली में मैथ की परीक्षा में 175 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। दूसरी पाली में 343 ने परीक्षा छोड़ दी। पहली पाली में 9669 परीक्षार्थी आवंटित थे, जिसमें 9494 परीक्षार्थी शामिल हुए। दूसरी पाली में 14853 परीक्षार्थी आवंटित थे, जिसमें 14510 परीक्षार्थी शामिल हुए। दूसरे दिन कुल 518 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ी। 

शहर से लेकर देहात में बने केन्द्रों पर निरीक्षण
शहर से लेकर देहात में बने केन्द्रों पर सख्ती रही। डीईओ अब्दुसलाम अंसारी ने आरडीएस कॉलेज, मनियारी हाईस्कूल केंद्र, एलपी शाही डिग्री कॉलेज, विद्या बिहार, बीबी कॉलेजिएट, राममनोहर लोहिया कॉलेज, नीतिश्वर कॉलेज समेत कई केंद्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान वीक्षकों की उपस्थिति भी देखी गई। डीईओ ने कहा कि सभी केंद्र पर वीक्षकों को भी पहचान पत्र के साथ आना है।