2021/02/03

बिहार में महिला विधायक ने मंच से उतरकर दिव्यांग को जड़ दिया तमाचा, जानें क्या है पूरा मामला

VAISHALI : वैशाली जिले के राजापाकर क्षेत्र स्थित भलुई कॉलेज परिसर में एक कार्यक्रम के दौरान मूक बधिर को राजापाकर विधायक के थप्पड़ मारने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। मूक बधिर युवक के परिजनों ने कहा है कि यह तमाचा अति पिछड़ा समाज पर तमाचा है। एक मूक बधिर पिता अपने दिव्यांग बेटे के लिए ट्राइसाइकिल की मांग कर रहा था।  

जानकारी के अनुसार विधायक प्रतिमा दास शनिवार को भलुई कॉलेज मैदान में स्व. नंदकिशोर सिन्हा स्मृति टी-20 क्रिकेट मैच के फाइनल में पुरस्कार वितरण करने पहुंची थीं। उनके साथ महुआ के राजद विधायक डॉ. मुकेश रौशन भी मौजूद थे। पुरस्कार वितरण के दौरान ही एक मूक-बधिर युवक अजय भगत पर अश्लील इशारा करने का आरोप लगाते हुए विधायक मंच से नीचे उतरीं और थप्पड़ जड़ दिया था। 

इस मामले में अजय भगत के परिजनों का कहना है कि वह विधायक से पंजा छाप पर मोहर लगाने की बात करने के साथ-साथ अपने दिव्यांग पुत्र अभिषेक के लिए ट्राई साइकिल की मांग को लेकर इशारों में बात करने की कोशिश कर रहा था। अजय भगत अपनी बेटी की मदद से प्रखंड कार्यालय के अहाते के बाहर लिट्टी और चाय की दुकान चलाता है। उसकी पत्नी का नाम फूला देवी है। उसका एक मात्र पुत्र अभिषेक जो दिव्यांग है। उसकी 5 पुत्रियां भी हैं।