2021/02/09

बिहार में थाना के पास गोली मारकर हत्या...महंगी कार खरीदने के बाद शुरू हुआ था विवाद

PATNA : पटना में एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। गंभीर हालत में उसे हॉस्पिटल ले जाया गया जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। उसे एक गोली गले में और दूसरी कमर में लगी थी। 

मामला बुद्धा कॉलोनी थाना के तहत दुजरा इलाके का है। घटना बुद्धा कॉलोनी थाना से चंद कदम की दूरी पर हुई है। मृतक युवक का नाम शेखर राजपूत था। उसकी उम्र 20 साल की थी। पहले वह टेम्पो चलाता था, अब शराब बेचने के धंधे में लगा था। एक सप्ताह पहले ही उसने 13 लाख की कार खरीदी थी और दो मंजिले मकान को पांच मंजिला बनवा रहा था।

इस कांड को अंजाम देने में बदरी व विजय का नाम सामने आया है। इन दोनों से शेखर का शराब को लेकर विवाद चल रहा था। शेखर व बदरी शराब बेचने का धंधा करते हैं और एक-दूसरे पर पुलिस से मुखबिरी करने को लेकर आपस में गुस्से में थे। दुजरा पेट्रोल पंप के सामने इसी विवाद को लेकर सोमवार की शाम शराब विक्रेता व पड़ोसी ने शेखर को गोली मार दी।

महंगी कार खरीदने के बाद शुरू हुआ विवाद

स्थानीय लोगों का कहना है कि शेखर की तरक्की को देख कर बदरी व विजय जलने लगे थे। महंगी कार खरीदने के बाद ही दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया था। शेखर तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर है। उसका सबसे बड़ा भाई सोनू है और छोटे का नाम बंटी है। पिता प्रभु की मृत्यु आठ महीने पहले हो गयी थी।

परिवार और स्थानीय लोगों के मुताबिक, रविवार की रात ही शेखर के चचेरे भाई रंजीत को उत्पाद विभाग की टीम ने पकड़ा था, लेकिन उसकी संलिप्तता नहीं पाये जाने पर छोड़ दिया था। इसके बाद से शेखर लगातार बदरी और उसके भाई विजय को खोज रहा था। 

चाचा सत्यनारायण ने बताया कि गोली बदरी व विजय ने मारी है और इसकी पूरी सेटिंग में बलि, मिट्ठु, कादर खान, बाला भी शामिल हैंं। बहन रौशनी ने बताया कि शेखर अपने घर पर था और बदरी उसे बुलाने के लिए आया था। इसके बाद वह बुला कर ले गया और कुछ दूरी पर ही ले जा कर दो गोली मार दी।इस संबंध में एएसपी लॉ एंड ऑर्डर स्वर्ण प्रभात ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। परिवार ने कुछ लोगों के नामों की जानकारी दी है, पकड़ने के लिए घर पर छापेमारी की गयी है।