2021/02/08

उत्तराखंड की तबाही में समस्तीपुर का नरेश कुमार भी लापता, स्वजनों में बढ़ी चिंता

SAMASTIPUR : उत्तराखंड के चमोली में ग्लेशियर टूटने से मची तबाही में समस्तीपुर के कल्याणपुर प्रखंड के बासुदेवपुर निवासी नरेश दास भी लापता है। अभी तक स्वजनों को इसकी सूचना नहीं है। दैनिक जागरण की सूचना पर उसके घर में चिंता की लकीरें बढ़ गई है। स्वजन परेशान हो गए हैं। वैसे बासुदेवपुर वार्ड सात में नरेश का घर है। जीव कुमार दास के तीन पुत्रों में नरेश सबसे बड़ा है। दो छोटा भाई घर पर ही रहकर श्रमिक का कार्य कर रहा हैं।

 20 वर्षीय राजेश दास व 19 वर्षीय राकेश दास बताते हैं कि नरेश 2016 में घर से बाहर मजदूरी करने निकले। पंजाब पहुंचने पर वहां से फोन कर बताया कि पंजाब पहुंच चुके हैं। काम की खोज की जा रही है। उसके बाद से आजतक उनका कोई संवाद नहीं आया। आज ही दैनिक जागरण के माध्यम से सूचना मिली कि वे उत्तराखंड में रहते हैं। नरेश के दो बच्चे हैं। पुत्र अवधेश कुमार एवं पुत्री अंशु कुमारी भी अपने पिता के बारे में जानने को उत्सुक है। 

इस संवाददाता के पहुंचने पर उन्होंने कई प्रश्न किए । उन्हें इसके बाद यह जानकारी मिली कि नरेश उत्तराखंड में था। बताते चले कि उत्तराखंड में ग्लेशियर का एक हिस्सा टूट जाने की वजह से चमोली जिले में ऋषि गंगा घाटी में बाढ़ ने अचानक विकराल रूप ले लिया है। 

जबकि ऋषि गंगा में आए जल प्रलय अब अलकनंदा नदी में आते-आते इसकी रफ्तार काफी कम हो गई है। यही वजह है कि नदी तट पर बसे शहरों और कस्बों के प्रकोप से बच गए हैं। जबकि चमोली में ग्लेशियर टूटने के बाद जो लोग गायब हुए है उनकी खोजबीन बहुत तेजी से जारी है। समस्तीपुर के कल्याणपुर प्रखंड के बासुदेवपुर निवासी नरेश दास गायब होने की सूचना स्वजनों को नहीं थी। इस बात की जानकारी होने की बाद ये लोग काफी परेशान है।  

INPUT-DAINIK JAGRAN