2021/02/10

बड़ी खबर : बिहार में गैस सिलेंडर फटा..लगी भीषण आग, काबू पाने में जुटा है दमकल विभाग

ARA : जिले के आरा शहर में बुधवार की सुबह अचानक  गैस सिलेंडर फटने  से एक किराना दुकान सह घर में भीषण आग लग गई। हादसे के बाद मुहल्‍ले में भगदड़ मच गई। घटना आरा टाउन थाना के खेताड़ी मुहल्ले की है। एक-एक कर करीब आधा दर्जन से अधिक घरेलू गैस सिलेंडर फटने की बात सामने आ रही है। हालांकि, कोई हताहत नहीं हुआ है। वैसे, विस्फोट में आसपास के कई घरों की खिड़कियों और दरवाजे के शीशे टूट गए हैं। बाद में फायर बिग्रेड की दो यूनिटों ने घर सह दुकान पर पहुंच कर आग पर काबू पाया।

बताया जाता है कि खेताड़ी मुहल्ला निवासी कृष्णा केसरी का मकान और दुकान एक ही बिल्डिंग में है। घर में ही जेनरल स्टोर की दुकान है। साथ में गैस सिलेंडर रिफलिंग का काम करते हैं।  इस बीच बुधवार की सुबह अचानक गैस रिसाव हो जाने के कारण भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग की चपेट में पूरा घर व दुकान आ गया और आग ने विकराल रूप ले लिया। दुकान के पिछले भाग में कई गैस सिलेंडर भी रखे थे । आग की लपटों के कारण विस्फोट हो गया। जिससे आसपास के घरों में रहने वाले लोगों में भगदड़ मच गई। बाद में इसकी सूचना फायर ब्रिगेड को दी गई।

खेताड़ी मुहल्ला के लोगों ने बताया कि गैस सिलेंडर के फटने से आसपास के घरों के दरवाजे तथा खिड़कियों के शीशे टूट गई है। घटना को लोगों में अफरातफरी मची रही। सूचना पाकर फायर बिग्रेड की दो यूनिट घटनास्थल पर पहुंच गई है और आग पर काबू पाने के प्रयास में जुट गई है। मुहल्ले वासियों के अनुसार गैस रिफिलिंग के दौरान हादसा होने की आशंका जताई जा रही है।