2021/02/26

ब्रेकिंग : बेगुसराय में किशोर को मारी गोली....महुआ ब्‍याह की रस्‍म के दौरान चलाई गोली

BEGUSARAI : बेगूसराय के पहाड़पुर मुहल्‍ले के वार्ड 13 में गुरुवार की रात हुई हर्ष फायरिंग में किशोर घायल हो गया। घायल किशोर की पहचान पहाड़पुर वार्ड 13 निवासी नंदन राय के 16 वर्षीय पुत्र राजन कुमार के रूप में हुई है। 

गोली लगते ही स्वजनों ने आनन-फानन में घायल को एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया है। गोली किशोर के पैर में लगी है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस जांच में जुटी हुई हैं।

मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार की रात गांव में ही संजय महतो की बेटी की शादी थी। बारात बरौनी के असुरारी से आने वाली थी। बारात के पहले घर की महिलाएं आम महुआ ब्याह की रस्म अदायगी के लिए गयी थी। 

राजन भी साथ ही था, इसी क्रम में शरारती तत्वों ने गोलीबारी की। एक किशोर गोली लगते ही वहीं गिर गया। इसके साथ ही रस्म अदायगी में शामिल लोगों में अफरा-तफरी मच गई।घटना को लेकर पुलिस छानबीन कर रहीं हैं।

इस संबंध में मुफ्फसिल थानेदार राजबिंदु प्रसाद ने बताया कि हर्ष फायरिंग में घायल होने की जानकारी मिली है, नगर थाना पुलिस  को जांच के लिए भेज गया है। 

घायल के फर्द बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। उन्‍होंने कहा कि ग्रामीणों से पूछताछ कर पता लगाया जा रहा है कि गोली किसने चलाई थी। इसकी जानकारी मिलते ही आरोपित को गिरफ्तार किया जाएगा।