SAMASTIPUR : पुलिस की कथित चाक चौबंद व्यवस्था को धत्ता बताते हुए बेखौफ बदमाशों ने सरेआम फायरिग कर दहशत फैला दिया है। दिनदहाड़े बीच सड़क पर पूर्व जिला पार्षद व उनके स्वजनों से मारपीट की। इतना ही नहीं आतंक फैलाने के लिए अंधाधुंध फायरिग भी की। इससे स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। स्थानीय व्यवसायी भी बदमाशों के आंतक से भय के साए में हैं। घटना को लेकर दो गुटों के बीच तनाव का माहौल
मारपीट व फायरिग की घटना को लेकर दो गुटों के बीच तनाव का माहौल है। घटनास्थल पर काफी संख्या में पुलिस बल तैनात किए गए हैं। बताया जाता है कि गुरुवार सुबह धर्मपुर रेलवे गुमटी के निकट बाइक खड़ी करने को लेकर बालू डिपो संचालक तरूण राय के पुत्र बंटी कुमार और आरोपितों के बीच कहासुनी हुई थी। इसके बाद जब वह दुकान खोलने गया तो करीब आधा दर्जन हथियारबंद बदमाशों ने बंटी और उसके पिता पर हमला कर दिया। बीच बचाव का प्रयास कर रहे स्वजनों की पिटाई की।
घटना को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश, सड़क पर टायर जलाकर की आगजनी
पूर्व जिला पार्षद व उनके स्वजनों पर जानलेवा हमला को लेकर ग्रामीणों में काफी आक्रोश है। घटना को लेकर आक्रोशित ग्रामीणों ने गरुआरा रोड स्थित धर्मपुर चौक के निकट सड़क पर टायर जलाकर आगजनी की। इसके कारण करीब एक घंटे तक समस्तीपुर पूसा मार्ग पर यातयात प्रभावित रहा।
लोगों का गुस्सा पुलिस के भी खिलाफ था। आक्रोशित ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से अविलंब आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग की है। फायरिग के बाद लोगों में दहशत और तनाव का माहौल है। सूचना पर दलबल के साथ पहुंचे अंचलाधिकारी धर्मेद्र पंडित व थानाध्यक्ष विक्रम आचार्य ने ग्रामीणों के समझा बुझाकर जाम शांत कराया। घटनास्थल पर काफी संख्या में पुलिस बल तैनात किए गए हैं।
आइजी ने घटनास्थल का किया निरीक्षण, पीड़ित परिवार से मिले
पूर्व जिला पार्षद व उनके स्वजनों पर जानलेवा हमले की सूचना पर दरभंगा प्रक्षेत्र के आइजी अजिताभ कुमार ने समस्तीपुर पहुंच कर पुलिस पदाधिकारियों के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया और पीड़ित परिवार से मिले। पूर्व जिला पार्षद के घर जाकर घटना की जानकारी ली।
जख्मी तरुण राय के पुत्र बंटी कुमार ने बताया कि हथियारबंद बदमाशों ने मारपीट व फायरिग की। साथ ही दुकान में गल्ले से 80 हजार रुपये, सोने की चेन और बुलेट बाइक लूट ली। इस मामले में धर्मपुर न्यू कॉलोनी के पांच नामजद और अज्ञात को आरोपित किया गया है। आइजी ने पीड़ित परिवार को न्यायोचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
उन्होंने कहा कि प्राथमिकी दर्ज कर अग्रेतर कार्रवाई की जाएगी। इधर, इस पूर्व जिला पार्षद पर हुए हमले को लेकर जदयू जिलाध्यक्ष अश्वमेघ देवी, प्रदेश महासचिव डॉ. दुर्गेश राय ने अविलंब हमलावरों की गिरफ्तारी की मांग की है।