2021/02/16

बिहार में मर्डर...उधार में गुटखा नहीं देने पर दुकानदार के बेटे को मारी गोली...टायर जलाकर की आगजनी

SUPAUL : सुपौल जिले के त्रिवेणीगंज थाना क्षेत्र का है। जहां बदमाशों ने उधार में गुटखा नहीं देने पर दुकानदार के बेटे की गोली मारकर हत्या कर दी।

सुपौल जिले में गुटखा खरीदने के बाद पैसे के लेनदेन को लेकर बदमाशों ने गोली मारकर दुकानदार के बेटे की हत्या कर दी। घटना त्रिवेणीगंज थाना क्षेत्र के लतौना उत्तर पंचायत के कसहा वार्ड 3 में मंगलवार की है। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने जमकर बवाल काटा। पहले थाना से शव को लाकर एनएच 327 ई को जाम कर दिया।

इस दौरान थाना में पदस्थापित एक चौकीदार की पिटाई भी की गई। उधर, जांच करने घटनास्थल पर पहुंचे त्रिवेणीगंज थाना के एसएचओ संदीप सिंह को भी ग्रामीणों ने बंधक बनाकर रखा है। 

बताया जा रहा है कि सोमवार कसहा वार्ड 3 निवासी कपिल देव साह दुकान पर बैठे थे। इस बीच मौरा बगला के अजित कुमार यादव ने गुटखा मांगा। इसके बाद पैसा देने और नहीं देने को लेकर दोनों में बहस और कहासुनी हो गई। 

मंगलवार सुबह करीब साढे 9 बजे कपिल देव साह का पुत्र मिथिलेश कुमार दुकान पर बैठा था। इस बीच अजित एक बाइक पर दो अन्य युवकों के साथ पहुंचा और मिथिलेश को गोली मार दी और फरार हो गया। मिथिलेश को अनुमंडलीय अस्पताल लाया गया जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के परिजनों ने अजित और उनके दोस्तों पर हत्या का आरोप लगाया है।