2021/02/16

घर मे घुसकर दिनदहाड़े महिला समेत 4 लोगों को मारी गोली....सभी की हालत गंभीर

NALANDA : नालंदा के मानपुर में एक व्यक्ति के घर में घुसकर कुछ लोगों ने दिनदहाड़े गोलीबारी की, जिसमें 1 महिला समेत 4 लोग घायल हो गए। घायलों को पटना रेफर कर दिया गया है। घटना अलौदिया गांव की है। अचानक हुई फायरिंग से घर के सदस्य दहशत में आ गए और खुद को बचाने में इधर-उधर छुपने लगे। इसमें एक महिला के चेहरे से गोली छूकर निकल गई। 

जबकि, 3 अन्य लोग इसमें बुरी तरह से घायल हो गए। कई राउंड फायरिंग की आवाज सुनकर इलाके में दहशत का माहौल पैदा हो गया है। वारदात से गांव में अफरातफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस वहां पहुंची। सदर DSP डॉ. शिब्ली नोमानी ने बताया कि दो गुटों की पुरानी रंजिश में गोलीबारी हुई है। फिलहाल घायलों का इलाज चल रहा है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस गांव में छापेमारी कर रही है।

अलौदिया गांव में दिनदहाड़े गोलीबारी हुई। कुछ लोगों ने एक व्यक्ति के घर में घुसकर कई राउंड फायरिंग की। घटना में पिंकी देवी, मंटू सिंह, धीरज सिंह, भोला सिंह घायल हैं। गोलियों की आवाज सुनकर गांव के लोग घटनास्थल पर पहुंच गए। इसके बाद उन्होंने घायलों को बिहारशरीफ सदर अस्पताल में भर्ती कराया। पिंकी देवी के चेहरे में गोली लगी है जबकि अन्य तीन को पेट में गोली लगी है। घायलों की हालत नाजुक देखकर सदर अस्पताल के डॉक्टरों ने उन्हें पटना रेफर कर दिया है।

घटना के संबंध में सदर DSP डॉ. शिब्ली नोमानी ने बताया कि दिनदहाड़े गोलीबारी हुई है। पुरानी रंजिश का मामला है। फिलहाल पुलिस गांव में कैंप कर रही है। घटना में 4 लोग घायल हैं, उन्हें पटना रेफर कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी चल रही है। उन्हें बख्शा नहीं जाएगा।