2021/02/02

बिहार में मर्डर...चापाकल और नाली के विवाद में लाठी-डंडे से पीट-पीटकर मार डाला

NAWADA : रोह थाना क्षेत्र के मड़रा गांव में मंगलवार की अल सुबह चापाकल और नाली के विवाद में 50 वर्षीय सज्जन सिंह की लाठी-डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। घटना में उनकी पत्‍नी भासो देवी और बेटा सोनू कुमार जख्मी हो गए। दोनों को इलाज के लिए पीएचसी रोह में भर्ती कराया गया है। हत्या के बाद गांव में तनाव कायम हो गया गया है। सभी आरोपित घर छोड़कर फरार हैं। मृतक के पुत्र का आरोप है कि घटना के दौरान कोई बीच-बचाव करने भी नहीं पहुंचा।

खेत जाते समय पड़ोसी ने किया हमला

बताया जाता है कि सज्जन सिंह सुबह शौच के लिए खेत की तरफ जा रहे थे। तभी पड़ोसी शंभू सिंह व उसके परिवार के सदस्यों ने अचानक लाठी से पीटना शुरू कर दिया। सज्जन चीखने-चिल्लाने लगे। उनकी आवाज सुनकर पत्‍नी और बेटा उन्‍हें बचाने दौड़े। उन दाेनों पर भी हमला कर दिया गया। घायल सोनू ने बताया कि उनके पिता को तब तक लाठी डंडे से पीटा गया, जबतक उनकी जान नहीं चली गई। 

पास पड़ोस के लोग उन्हें बचाने भी नहीं पहुंचे। पिता की मौत के बाद मारपीट करने वाले लोग वहां से भाग खड़े हुए। घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष संतोष कुमार पुलिस बल के साथ वहां पहुंचे। घायलों को इलाज के लिए पीएचसी भेजा। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। 

काफी दिनों से चल रहा था विवाद
ग्रामीण बताते हैं कि दोनों के बीच काफी दिनों से विवाद चला आ रहा था। हर छोटी-मोटी बात को लेकर कहा-सुनी हुआ करती थी। नाली विवाद के साथ ही सरकारी चापाकल से पानी लेने को लेकर भी विवाद था। घटना के बाद गांव के लोग सकते में हैं। उन्हें यह उम्मीद नहीं थी कि इस विवाद में किसी की जान चली जाएगी। बहरहाल रोह थाना की पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। हत्यारे की तलाश शुरू कर दी गई है। समाचार लिखने तक प्राथमिकी दर्ज नहीं कराई गई है।