BETTIAH : पूर्व जिला पार्षद दयानंद वर्मा की रविवार को गोली मार हत्या के विरोध में सोमवार को बेतिया में जमकर बवाल हुआ। गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज अस्पताल में शव के पोस्टमार्टम के बाद आक्रोशित लोग एंबुलेंस में शव रख समाहरणालय गेट पर पहुंच गए। बीच सड़क पर एंबुलेंस लगाकर सड़क जाम कर दिया। इस दौरान आक्रोशितों ने बगहा पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
इसी बीच डीएम की गाड़ी कलेक्ट्रेट गेट से बाहर निकली, जिसे मृतक के परिजनों ने गेट पर ही रोक दिया और डीएम से कार्रवाई की गुहार लगाने लगे। गाड़ी में ही बैठे डीएम ने उनकी बात सुनी और कहा कि इस संबंध में कार्रवाई हो रही है। दोषियों को बख्सा नहीं जाएगा। मामले की निष्पक्ष जांच हो रही है।
डीएम के आश्वासन के बाद प्रदर्शन कर रहे लोग शांत हुए। प्रदर्शन में वाल्मीकिनगर के पूर्व विधायक राजेश सिंह, कांग्रेस के वरीय नेता मो. इरशाद समेत अन्य ने कहा कि हत्या के मामले में आरोपितों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज हुई है, उनकी शीघ्र गिरफ्तारी होनी चाहिए।