DARBHANGA : दरभंगा जिले के जाले थाना क्षेत्र अंतर्गत जाले उत्तरी पंचायत की मुखिया के पति पर लगे गैर महिला से बात करने के आरोप को लेकर मंगलवार की देर शाम हुए विवाद में मिर्जापुर और पीठरिया गांव के लोगों बीच हिंसक झड़प हो गई। इस दौरान हुई गोलीबारी में तीन लोग जख्मी हो गए। मुखिया पति पीठरिया गांव निवासी मो. ताज और मिर्जापुर के लोग एक-दूसरे पर गोलीबारी करने का आरोप लगा रहे हैं।
एक दर्जन से अधिक राउंड गोलियां चलीं
स्थानीय लोगों अनुसार दोनों पक्षों से एक दर्जन से अधिक राउंड गोलियां चलने की बात कही जा रही है। घायलों में पीठरिया निवासी मो. अब्बास अनवर, उसके पुत्र मो. अफजल और मो. आरजू शामिल हैंं। तीनों को जाले रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां से आरजू को छोड़कर दोनों पिता-पुत्र को डीएमसीएच रेफर कर दिया गया। मो. अब्बास को हाथ और उसके पुत्र को जांघ में गोली लगी है। घटना पंचायत के चिकना पोखर स्थित चौर की बताई गई है।
मुखिया पति की हरकत से थी नाराजगी
बताया गया है कि चौर में मुखिया पति को एक गैर महिला के साथ बात करते हुए मिर्जापुर के कुछ लोगों ने देख लिया। विगत दस दिनों से यह स्थिति बनी रहने की बात कहते मिर्जापुर के लोगों ने मुखिया पति का विरोध किया। देखते ही देखते दोनों पक्ष ने अपने समर्थकों को बुला लिया। इसके बाद मारपीट के बीच अचानक गोलियां चलने लगीं। घटना की सूचना पर पुलिस पहुंची। तब तक दोनों पक्ष के लोग फरार हो चुके थे। थानाध्यक्ष दिलीप पाठक ने बताया कि मामले की जांच चल रही है।
मुखिया पति ने बताया जमीन खरीद का विवाद
इधर, मुखिया शमा परवीन के पति मो. ताज का कहना है कि वह अपने खेत में स्थित बोरिंग पर गए थे। जहां मिर्जापुर गांव से 20 से 25 लोगों ने उनपर जानलेवा हमला कर दिया। घटना की सूचना घर वालों को दी। इसके बाद गांव से जब लोगों को आते देखा तो मिर्जरपुर के लोगों ने गोलियां बरसाने लगे। जिसमें उसके गांव के दो लोगों को गोली लग गई। जबकि, उसके चचरे भाई आरजू के सिर पर लाठी से प्रहार कर जख्मी कर दिया। मुखिया पति का कहना है कि मिर्जापुर के कुछ लोगों से जमीन खरीदने को लेकर आरोपित पक्ष के लोगों ने नाराज होकर उन पर जानलेवा कर दिया। इधर, मिर्जापुर गांव के लोगों का कहना है कि मुखिया पति का चरित्र सही नहीं है। अक्सर गांव के चौर में महिला के साथ गलत काम करता है। आज लोगों ने उसे पकड़ लिया। इसी को लेकर विवाद हुआ। मुखिया समर्थकों पर गोलीबारी करने का आरोप लगाया।