SAMASTIPUR : समस्तीपुर जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत आधारपुर गांव में दहेज लोभी ससुराल वालों ने एक विवाहिता की गला दबाकर हत्या कर दी। मृतका की पहचान गांव के अशोक यादव की पत्नी 30 वर्षीया दुर्गा देवी के रूप में हुई है। घटनास्थल पर काफी संख्या में लोग एकत्रित हो गए।
सूचना पर पहुंची मुफस्सिल थाना की पुलिस टीम ने घटनास्थल की जांच की। शव को अंत्यपरीक्षण के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
मामले की छानबीन की जा रही है। सोमवार को स्थानीय लोगों के द्वारा मृतका के मायके वालों को घटना की जानकारी मिली। सूचना मिलते ही ससुराल पहुंचे। यहां मृतका के पति समेत ससुराल के सभी सदस्य घर छोड़कर फरार हो गए। घर के अंदर कमरे में मृतका का शव पड़ा था।
स्थानीय पुलिस को घटना की जानकारी दी। मृतका के भाई पटोरी थाना क्षेत्र के दक्षिणी धमौन निवासी सरोज कुमार ने बताया कि वर्ष 2015 में आधारपुर निवासी शंकर भगत के पुत्र अशोक भगत से उनकी बहन दुर्गा की हिदू रीति रिवाज के अनुसार शादी हुई थी।
इसके बाद ससुराल पक्ष की ओर 1 लाख रुपये और चार पहिया वाहन दहेज की मांग को लेकर उसे प्रताड़ित किया जा रहा था। इस बाबत वर्ष 2018 में उन्होंने स्थानीय थाना में शिकायत भी दर्ज कराई थी। इसके बावजूद ससुराल पक्ष के द्वार लगातार मारपीट व प्रताड़ित किया जा रहा था।
सोमवार को करीब दस बजे उसकी हत्या की सूचना मिली। थानाध्यक्ष विक्रम आचार्य ने बताया कि पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है। आवेदन मिलते ही अग्रेतर कारवाई की जाएगी। घटना के बाद ससुराल पक्ष के लोग घर छोड़कर फरार हैं।