दिल्ली पुलिस में कार्यरत कांस्टेबल दीपक ने दिल्ली से सटे सोनीपत जिले के गांव मटिंडू में रविवार को बुजुर्ग माता-पिता की हत्या कर उन्हें आग के हवाले कर दिया। इसके बाद दीपक ने चौबारे में जाकर खुद भी जहर खा लिया। इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई। दिल्ली पुलिस में इंस्पेक्टर उसके भाई दिनेश कुमार की शिकायत पर पुलिस ने दीपक के खिलाफ हत्या कर शवों को खुर्दबुर्द करने का मामला दर्ज कर लिया है।
दीपक के भाई दिनेश कुमार ने पुलिस को बताया कि वह पत्नी व बच्चों के साथ सोनीपत में रहते हैं और माता-पिता गांव मटिंडू में रहते हैं। दीपक भी वहीं रहता था। रविवार सुबह उनके पिता रामधन के फोन से कॉल आई कि घर में आग लग गई है। इसके बाद वह बात करने की कोशिश करते रहे, लेकिन पिता से बात नहीं हो पाई तो पड़ोसियों को जानकारी दी।
वहीं जानकारी लगने पर पड़ोसी दीवार फांदकर अंदर पहुंचे तो वहां माता-पिता के अधजले शव पड़े थे और चौबारे पर दीपक के मुंह से झाग निकल रहा था। अस्पताल में उसे मृत घोषित कर दिया गया। पिता रामधन स्वास्थ्य विभाग से चालक के पद से सेवानिवृत्त हुए थे, जबकि मां किताब कौर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता थीं।
एसएचओ बिजेंद्र सिंह ने बताया कि रामधन व किताब कौर के सिर पर धारदार हथियार से चोट मारने के निशान थे। मौके से खून से सनी चादर, कुल्हाड़ी, कैंची व जहरीली गोलियों का पैकेट मिला है। आशंका है कि दीपक ने कुल्हाड़ी से माता-पिता की हत्या की और आग लगा दी, फिर खुद जहर खा लिया।