DESK : यूपी के संभल जिले के असमोली थाना क्षेत्र में प्रेमिका से मिलने पहुंचे अमरोहा निवासी प्रेमी और उसके साथी को युवती के परिजनों ने पकड़ लिया और पिटाई कर दी। प्रेमी युवती से निकाह करने की जिद पर अड़ जाने पर युवती के परिजनों ने युवक के परिजनों को जानकारी दी और देर रात दोनों का निकाह करा दिया।
अमरोहा जिले में जोया क्षेत्र के गांव के निवासी युवक की संभल में असमोली क्षेत्र के एक गांव में रिश्तेदारी है। रिश्तेदारी में आने-जाने के दौरान युवक के रिश्तेदारों के पड़ोस में रहने वाली युवती से एक साल पहले प्रेम-संबंध बन गए। धीरे-धीरे प्यार परवान चढ़ने लगा। दोनों ने चोरी-छिपे मिलना भी शुरू कर दिया। प्रेम संबंधों की जानकारी युवती के परिजनों को भी हो गई। युवती के परिजन सोमवार की शाम को खेत पर गए थे। इसी दौरान युवती ने युवक को घर पर बुला लिया।
प्रेमिका के बुलावे पर युवक अपने साथी के साथ प्रेमिका से मिलने पहुंच गया। सूचना पाकर युवती के परिजन घर पहुंचे और प्रेमी युवक तथा उसके साथी को पकड़ लिया। युवती के परिजनों ने युवक की पिटाई कर दी और घर में बंद कर लिया, लेकिन युवती ने कहा कि वह उससे प्यार करती है और निकाह भी उसी से करेगी। युवती की बात सुनकर परिजन दंग रह गए। युवती के परिजनों ने युवक के परिजनों को जानकारी दी। देर रात युवती के परिजन गांव आ गए और दोनों का निकाह करा दिया।