SIWAN : बिहार के सीवान के बसंतपुर थाना क्षेत्र में अपराधियों ने जीविका कर्मी की चाकू से गोद हत्या कर दी। मृतक सारण जिले के रसौली गांव के रामप्रवेश भगत के बेटे संजय कुमार थे। वे बसंतपुर में जीविका कार्यालय में समन्वयक के पद पर तैनात थे।
बुधवार की शाम वे जिला मुख्यालय से मीटिंग के बाद बसंतपुर बाइक से लौट रहे थे। सीवान-शीतलपुर स्टेट हाईवे-73 पर बसंतपुर थाना क्षेत्र के लहेजी व शहरकोला के बीच सुनसान जगह पर हमलावरों ने उसे रोक चाकू से कई जगहों पर वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे बसंतपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र लेकर आए। अस्पताल सूत्रों के अनुसार जीविका कर्मी के सिर के भाग और पेट मिलाकर कुल चार जगहों पर गहरे जख्म के निशान थे। प्राथमिक उपचार के बाद उसे रेफर कर दिया गया। रास्ते में उसकी मौत हो गई। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।