2021/02/19

बड़ी खबर : बिहार बोर्ड मैट्रिक की 1ST सिटिंग सामाजिक विज्ञान की परीक्षा रद्द.... पेपर लीक कांड में तीन बैंककर्मी गिरफ्तार

PATNA : इस वक्त एक बड़ी खबर सामने आ रही है. मैट्रिक परीक्षा को लेकर बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने एक बड़ा फैसला लिया है. सोशल मीडिया में सोशल साइंस का क्वेश्चन वायरल होने पर बोर्ड ने यह बड़ा फैसला लिया है.

बिहार में मैट्रिक की सामाजिक विज्ञान विषय की परीक्षा रद्द हो गई है। शुक्रवार की सुबह परीक्षा से पहले ही इस विषय का पेपर लीक हो गया था। इसी के बाद बोर्ड ने यह निर्णय लिया है। बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के अध्यक्ष आनंद किशोर ने बताया कि अब 8 मार्च को दोबारा परीक्षा होगी।इस मामले में जमुई के तीन बैंककर्मियों को गिरफ्तार किया गया है। 

वहीं, बिहार बोर्ड अध्यक्ष आनंद किशोर ने बताया कि प्रश्न पत्र लीक मामले की जांच कराई गई। इसमें पता चला कि सामाजिक विज्ञान की प्रथम पाली की परीक्षा के क्रम में 111-0470581 क्रमांक का प्रश्न पत्र जमुई जिले के स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की झाझा शाखा से लीक हुआ है। प्रारंभिक जांच में एसबीआई झाझा के संविदा कर्मी विकास कुमार की संलिप्तता पायी गई। साथ ही बैंक के तीन अन्य कर्मी शशिकांत चौधरी, अजीत कुमार और अमित कुमार सिंह की लापरवाही सामने आई। इस पर विकास कुमार, अजीत कुमार व शशिकांत चौधरी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि विकास कुमार का संबंधी मैट्रिक परीक्षा दे रहा है। विकास ने परीक्षा शुरू होने से पहले अपने एक संबंधी को वाट्सएप पर प्रश्नपत्र भेजा था। इसके अलावा विकास ने प्रश्नपत्र किसको भेजा, इसकी भी जांच की जा रही है।


कई लोगों पर प्राथमिकी दर्ज करने के निर्देश 
बोर्ड अध्यक्ष आनंद किशोर की मानें तो कई लोगों पर प्राथमिकी दर्ज करने का निर्देश दिया गया है। डीएम जमुई और पुलिस अधीक्षक जमुई को इस संबंध में निर्देश दिया गया था। पूरी जांच पड़ताल की गयी है। पुलिस द्वारा इस मामले की विस्तृत छानबीन की जा रही है। समिति के निर्देश के आलोक में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस जांच कर रही है। जो भी सरकारी या निजी व्यक्ति इस कार्य में सम्मलित पाए जाएंगे, उनके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी। नियमानुसार गिरफ्तारी की जाएगी और कानूनी प्रावधानों के अनुसार कठोरतम कार्रवाई की जाएगी।


बिहार बोर्ड के मैट्रिक परीक्षा के दौरान सोशल साइंस के पेपर लीक होने के बाद बिहार बोर्ड ने बड़ा फैसला लेते हुए आज की प्रथम पाली की परीक्षा को रद्द  करने का फैसला लिया है. बिहार बोर्ड के अध्यक्ष आनंद किशोर ने बताया कि जमुई जिला से या पेपर लीक हुआ था, ऐसे में जमुई जिला के डीएम और एसपी को कार्रवाई करने के आदेश दिए गए हैं.

सामाजिक विज्ञान का पेपर लीक होने के बाद सोशल मीडिया के जरिए पूरे बिहार में वायरल हो गया। इस मामले को विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने भी विधानसभा में उठाया। उन्होने आरोप लगाया है कि बोर्ड की इतनी तैयारी के बाद भी मैट्रिक परीक्षा के प्रश्नपत्र लीक हो जा रहे हैं। बाद में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पत्रकारों को बताया कि हमने इसकी जांच का आदेश दे दिया है। इस मामले में जो भी दोषी होंगे, उनपर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

आपको बता दें कि शुक्रवार को मैट्रिक के सामाजिक विज्ञान की परीक्षा में पहली पाली में कुल 846504 परीक्षार्थी शामिल हुए थे, जिनकी परीक्षा रद्द कर दी गई है. यह परीक्षा अब अगले महीने 8 मार्च को ली जाएगी. बोर्ड की ओर से मिली जानकारी के मुताबिक जमुई जिले में क्रम संख्या 111-0470581 सोशल मीडिया में वायरल हुआ था. 

जाँच में स्पष्ट हुआ कि यह प्रश्न पत्र, जिसका क्रमांक-111-0470581 है, को जमुई जिले में भेजा गया था. जांच में यह पता चला कि क्रम संख्या 111-0470581 सामाजिक विज्ञान का प्रश्न पत्र जमुई के झाझा स्थित स्टेट बैंक ऑफ़ इंडिया के ब्रांच में रखा गया था. शुक्रवार को परीक्षा शुरू होने से पहले ही किसी ने फोटो खींचकर व्हाट्सएप पर उसे वायरल कर दिया.

आपको बता दें कि बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने बजट सत्र के दौरान मैट्रिक परीक्षा पेपर लीक मामला सदन में उठाया था, जिसके बाद सरकार ने जांच के भरोसा दिया. खुद विधानसभा के अध्यक्ष ने इस पूरे मामले पर सरकार से जांच कर कार्रवाई करने का आदेश दिया था.