2021/02/09

बोलेरो में तहखाना बनाकर हो रही थी शराब की तस्करी, पुलिस ने किया गिरफ्तार

NAWADA : समेकित जांच चौकी रजौली पर मंगलवार की सुबह लगभग 10 बजे उत्पाद विभाग द्वारा जांच टीम ने एक पिकअप से शराब लदी बोतल के साथ तस्कर को गिरफ्तार कर लिया। पिकअप में तहखाना बनाकर शराब ढोई जा रही थी।

उत्पाद निरीक्षक रामप्रीत कुमार ने बताया कि उत्पाद अधीक्षक नवादा अनिल कुमार आजाद के निर्देश पर समेकित जांच चौकी पर 24 घटे सघन वाहन जांच की जा रही है। जांच के दौरान ही झारखंड की ओर से पिकअप में शराब की एक खेप बिहार लाई जा रही थी। 

एक नंबर लेन में ड्यूटी पर रहे डीएपी जवान फैयाज अंसारी ने झारखंड की तरफ से आ रही खाली पिकअप को रोककर चेक किया। जांच के दौरान पिकअप में तहखाने का पता चला। वहां से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद हुई। साथ ही रहे चालक को गिरफ्तार कर उत्पाद निरीक्षक रामप्रीत कुमार को सूचित किया गया।

बरामद शराब में 750 एमएल ओल्ड गोल्ड रम की 400 बोतल व 750 एमएल व्हीस्की की 120 बोतल शराब थी। गिरफ्तार चालक की पहचान वैशाली जिला के देवेन्द्र राय के पुत्र नीतीश कुमार के रूप में हुई है। उसने बताया कि शराव व वाहन मुजफ्फरपुर निवासी सन्नी शर्मा का है। प्रत्येक ट्रीप पर तीन हजार रुपये देने की बात हुई थी। शराब बोकारो से मुजफ्फरपुर ले जाया जा रहा था।

उत्पाद इंस्पेक्टर ने बताया कि गिरफ्तार शराब धंधेबाज पर बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम 2016 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। सभी को न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जाएगा। जांच के मौके पर एसआइ राजेश कुमार सिन्हा,उत्पाद सिपाही चंदन कुमार,अरविद कुमार,सैप बल के जितेन्द्र कुमार के अलावे गृहरक्षक मौजूद थे।