2021/02/10

बिहार के कई जिलों के डीईओ और डीपीओ पर केस होगा, गेस्ट टीचर्स को ज्यादा भुगतान का मामला

PATNA : राज्य के पांच जिलों के माध्यमिक विद्यालयों में सेवा दे रहे अतिथि शिक्षकों को निर्धारित पारिश्रमिक से ज्यादा भुगतान दे दिया गया है। उन्‍हें कुल 91.98 लाख रुपये की राशि का भुगतान किया गया है। इसे गंभीरता से लेते हुए शिक्षा विभाग ने संबंधित जिलों के डीईओ एवं डीपीओ  पर कार्रवाई करते हुए उन पर सर्टिफिकेट केस दर्ज करने एवं अधिक भुगतान की गई राशि की वसूली का आदेश क्षेत्रीय शिक्षा उप निदेशकों को दिया है।

माध्यमिक शिक्षा निदेशक गिरिवर दयाल के मुताबिक वैशाली, अरवल, शिवहर, मुजफ्फरपुर, पश्चिम चंपारण एवं पूर्वी चंपारण जिले में डीईओ एवं डीपीओ द्वारा अतिथि शिक्षकों को निर्धारित पारिश्रमिक से ज्यादा राशि का भुगतान किया गया है, जो वित्तीय अनियमितता का मामला है। उक्त राशि की एक सप्ताह में वसूली कर सरकारी खजाने में शीघ्र जमा करायी जाएगी। संबंधित पदाधिकारियों पर भी विभागीय कार्रवाई होगी।

इन जिलों में किया गया ज्‍यादा भुगतान

मुजफ्फरपुर जिले में 17.24 लाख रुपये, शिवहर में 1.74 लाख रुपये, वैशाली में 47.77 लाख रुपये, अरवल में 7.32 लाख रुपये, पश्चिम चंपारण में 10.13 लाख रुपये, पूर्वी चंपारण में 7.78 लाख रुपये का ज्यादा पारिश्रमिक भुगतान किया गया है।