2021/02/21

शराब के नशे में धुत लोगों ने जयमाला के दौरान की फायरिंग... महिला समेत 2 लोगों को मारी गोली

DARBHANGA : कुशेश्वरस्थान थाना क्षेत्र के नदियामी गांव में शादी समारोह में जयमाला के दौरान की गई फायरिंग में गोली लगने से दो लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए हैं। 

दोनों घायलों का इलाज डीएमसीएच में चल रहा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार उक्त गांव के राजकुमार सिंह की बेटी राजमणि कुमारी की शादी थी। जयमाला के दौरान लड़का पक्ष की ओर से दो युवकों ने पंडाल में आकर फायरिंग शुरू कर दी। 

गोली शादी देख रहे मोहम्मद कमरूल (19 वर्ष) व दिगंबर चौपाल की पत्नी सरस्वती देवी (45 वर्ष) को लगी। कमरूल को पेट में गोली लगी जो पेट को छेदते हुए आर पार हो गई। सरस्वती देवी को जांघ के पास गोली लगी। फायरिंग से वहां अफरातफरी मच गई। 

एसडीपीओ दिलीप कुमार झा एवं थानाध्यक्ष गौतम कुमार ने घटनास्थल का मुआयना किया। छापेमारी के दौरान किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई। थानाध्यक्ष गौतम कुमार ने बताया कि घायल के लिखित आवेदन मिलते ही प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।