2021/02/08

बड़ी खबर : समस्तीपुर में मर्डर : मासूम की गोली मारकर हत्या ...जांच में जुटी पुलिस

SAMASTIPUR : बिथान थाना क्षेत्र के बनभौरा गांव में ननिहाल आए एक मासूम की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना से आसपास के इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच भी शुरू कर दी है। पारिवारिक विवाद में मासूम की गोली मारकर हत्या करने की बात सामने आ रही है। हत्या का आरोप मृतक के चचेरे मामा पर ही लगा है। 

बनभौरा गांव निवासी नारायण यादव के पुत्र मुकेश कुमार उर्फ छोटे अपनी पत्नी के साथ मारपीट कर रहा था। मारपीट के दौरान अलौली थाना अंतर्गत हथवन गांव निवासी अरविंद यादव का 10 वर्षीय पुत्र ललटू कुमार  बीच बचाव में आया तो आरोपित ने उसे ही गोली मारने की धमकी दे डाली। उसी दौरान गुस्से में गोली चल गई। गोली मृतक के बाएं आंख के नीचे लगी है। गोली लगने से घटनास्थल पर ही मासूम की मौत हो गई। आरोपित घर छोड़ कर फरार हैं। 

घटनास्थल से पुलिस ने एक देसी पिस्तौल्, 2 गैलन देसी शराब का जाबा भी बरामद किया है। बिथान थानाध्यक्ष संतोष कुमार ने बताया कि पुलिस घटना के हर बिंदुओं की जांच में लगी है । घटनास्थल पर हसनपुर थानाध्यक्ष चंद्रकांत गौड़ी दल बल के साथ पहुंचकर मामले की छानबीन में जुट गए हैं ।