PATNA : सारण के मशरक में बहन को परीक्षा दिलाने जा रहे एक युवक को ट्रक ने कुचल डाला, जिसमें उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान तक्थ गांव निवासी बृजनंदन ठाकुर के पुत्र इंद्रजीत कुमार उर्फ राजू ठाकुर के रूप में की गई है। वह अपनी बहन संध्या कुमारी को बाइक से इंटर की परीक्षा दिलवाने जा रहा था। मशरक-तरैया SH पर गलिमापुर गांव के पास एक बेलगाम ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि राजू के शरीर के परखच्चे उड़ गए। हादसे में इंटर परीक्षार्थी संध्या की हालत गंभीर है। प्राथमिक चिकित्सा के बाद उसे PMCH रेफर कर दिया गया। मौत से आक्रोशित लोगों ने मशरक-तरैया SH को जाम कर दिया। इधर, दिघवारा में परीक्षार्थियों से भरे एक ऑटो को बस ने टक्कर मार दी, जिसमें 6 छात्र घायल हो गए।
23 मई को होना था तिलक
राजू 4 भाइयों में सबसे बड़ा था। घर में इकलौता कमाऊ सदस्य होने के कारण पूरे परिवार की जिम्मेदारी उसी पर थी। मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पिता बृजनंदन ठाकुर ने बताया कि राजू की शादी मई में होनी थी। तिलक का डेट 23 मई को रखा गया था जबकि 26 को शादी होनी थी। इसके लिए घर में तैयारियां भी शुरू हो गई थीं। स्थानीय लोगों ने बताया कि सुबह में बहुत ज्यादा कुहासा था। तेज रफ्तार से आ रहे ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी।

भैया-भैया... चिल्लाते ही संध्या हो गई बेहोश
सोमवार को अपनी बहन को राजू परीक्षा दिलाने के लिए बाइक से निकला था कि मशरक-तरैया SH के पास एक बेलगाम ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि राजू के शरीर के परखच्चे उड़ गए और सब्या बाइक से दूर जाकर गिरी। हादसे में राजू की मौके पर ही मौत हो गई। सब्या ने जब अपनी आंखों के सामने भाई को दम तोड़ते देखा तो वह बेहोश रह गई। भैया, भैया... चिल्लाते ही वह जमीन पर गिर गई। स्थानीय लोगों ने देखा तो उसे अस्पताल ले गए। आननफानन में लोगों ने सब्या को PHC में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने उसे PMCH रेफर कर दिया।
2 घंटे से मशरक-तरैया SH जाम
मौत के बाद आक्रोशित लोगों ने मशरक-तरैया SH को जाम कर दिया। लगभग दो घंटे से यह मार्ग बाधित है। घटना की सूचना मिलते ही मशरक अंचल थाना के पुलिस इंस्पेक्टर उदय प्रताप सिंह और तरैया थानाध्यक्ष राजेश कुमार दल बल के साथ मौके पर पहुंचे। वह लोगों को समझाने-बुझाने का प्रयास कर रहे हैं।
दिघवारा में परीक्षार्थियों भरा ऑटो पलटा, 6 घायल
छपरा के दिघवारा में इंटर परीक्षा देने जा रहे विद्यार्थियों से भरे एक ऑटो को बस ने टक्कर मार दी, जिसमें 6 छात्र घायल हो गए। 2 की हालत गंभीर बताई जा रही है। सोमवार को उन्हचक के पास सामने से आ रहे बस ने टेम्पो में जोरदार टक्कर मार दी। धक्का लगते ही टेम्पो सड़क पर पलट गया और परीक्षार्थी अंदर दब गए। स्थानीय लोगों ने जब देखा तो दौड़कर घटनास्थल पर पहुंचे और उन्हें निकाला। इसके बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया। स्थानीय लोगों ने बताया कि सभी टैंपू रिजर्व कर दरियापुर स्थित परीक्षा केंद्र जा रहे थे।
2 की हालत गंभीर
2 परीक्षार्थियों की हालत नाजुक है। स्थानीय लोगों ने बताया कि कोहरे के कारण कुछ दिखाई नहीं दे रहा था। उधर सामने से तेज रफ्तार में आ रहे बस ने जोरदार टक्कर मार दी। टेम्पो वहीं पलट गया। इसमें 9 परीक्षार्थी सवार थे