JAMUI : चकाई थाना क्षेत्र अंतर्गत नोवाडीह पंचायत के झुमरबद गांव में नवनिर्मित नवका आहर में डूबकर करही गांव की दो सगी चचेरी बहनों की मौत हो गई।
घटना के काफी देर बाद जब दोनों बहन तालाब से स्नान कर नहीं लौटी तो स्वजन खोजने के लिए गए तो देखा कि दोनों का कपड़ा घाट के किनारे पड़ा हुआ है और दोनों लापता है।
स्वजनों द्वारा जब पानी में जाकर देखा गया तो दोनों का शव पानी में डूबा हुआ था जिसके बाद दोनों शवों को निकालकर घर लाया गया। इस घटना से स्वजनों में मातम छा गया।
ग्रामीणों ने बताया कि मृतका सरिता की शादी पांच वर्ष पूर्व मुंगेर में पप्पू सिंह के साथ हुई थी जिसमें एक वर्ष का पुत्र रवि कुमार है, जबकि सपना कुमारी गांव के ही देवेंद्र सिंह की बेटी है।
इस घटना के बाद पूरे गांव में मातम छा गया और बड़ी संख्या में लोग मृतक के घर पहुंचे। लोगों ने बताया कि कुछ महीने पूर्व ही तालाब का निर्माण कराया गया था जिसमें बीच में काफी गड्ढा छोड़ दिया गया था।
इसी कारण सपना गड्ढे में चली गई और उसकी मौत हो गई। वहीं मूकबधिर होने के कारण सरिता मदद के लिए शोर नहीं कर सकी, अन्यथा सरिता और सपना को बचाया जा सकता था।