2021/02/19

समस्तीपुर पुलिस ने लोडेड देसी कट्टा एवं गोली के साथ 4 बदमाशों को किया गिरफ्तार...दिव्यांग को मारा था गोली

SAMASTIPUR : दलसिंहसराय के बाबूपुर सलखनी मंगल पेठियाके पास बीते 7 फरवरी को दिव्यांग कार्तिक कुमार रजक की अपराधियो द्वारा की गई हत्याकांड का पुलिस ने उदभेदन किया है। इसे लेकर दलसिंहसराय एसडीपीओ दिनेश कुमार पांडेय के नेतृत्व में थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार मिश्र, एसआई राजकिशोर सिंह, एसआई अमरेन्द्र कुमार द्विवेदी व पुलिस बल की गठित  टीम को कामयाबी मिली है।दलसिंहसराय पुलिस ने लोडेड देसी कट्टा एवं गोली के साथ चार बदमाशों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार बदमाशों का आपराधिक इतिहास भी है। 

थाने पर गुरुवार को प्रेस कांफ्रेंस में एसडीपीओ दिनेश कुमार पांडेय ने बताया कि पांड़ लंगड़ा चौक पर बदमाश के मौजूद रहने की सूचना पर पहुंची पुलिस को देखते ही दो युवक भागने लगे। पुलिस ने खदेड ़कर इन्हें पकड़ तलाशी ली। जिसमें प्रिंस कुमार के पास से एक लोडेड देसी कट्टा, एक जिंदा कारतूस तथा गुड्डू राय के पास से दो जिंदा कारतूस बरामद हुआ। प्रिंस मोख्तियारपुर सलखनी, वार्ड 4 के अवधेश चौधरी का पुत्र है। जबकि गुड्डू इसी गांव के रामकरण राय का पुत्र है।

इन दोनों की निशानदेही पर पुलिस ने इसी गांव के वीरेंद्र चौधरी के पुत्र गुंजन कुमार को भी एक लोडेड देसी कट्टा के साथ गिरफ्तार कर लिया। वहीं चकबहाउद्दीन, वार्ड 2 के मो.तस्लीम के पुत्र अब्दुल मन्नान भी पुलिस के हत्थे चढ़ गया। मन्नान पर हत्या के लिए बदमाशों को आर्म्स देने का आरोप है। एसडीपीओ ने बताया कि फिलहाल चारो बदमाश आर्म्स एक्ट के मामले में जेल भेजे जाएंगे। 

बाद में गुंजन को छोड़कर बांकी तीन आरोपितों को दिव्यांग कार्तिक रजक की हत्या के आरोप में रिमांड किया जाएगा। उन्होंने बताया कि पुलिस पूछताछ में पुराने विवाद को लेकर कार्तिक की हत्या कर देने की बात प्रिंस व गुड्डू ने स्वीकार की है। इन दोनों ने हत्या में शामिल अपने एक सहयोगी का नाम भी बताया है।