2021/02/17

बिहार :-डकैतों के मुंह में आया पानी...4 लाख की संपत्ति के साथ अचार का डब्‍बा भी ले गए

KAIMUR : रामगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत लबेदहां गांव में गृहस्वामी को बंधक बना कर अपराधियों ने डकैती की घटना को अंजाम दिया है। अवधेश सिंह अौर उनकी पत्‍नी को हथियार का भय दिखाकर आराम से वारदात को अंजाम दिया। 

इस दौरान डेढ़ लाख नकदी और आभूषण समेत चार लाख से अधिक के सामान की डाकेजनी कर ली।  हद तो यह वे अचार का डिब्‍बा तक ले गए। अपराधियों की संख्‍या 20 के आसपास थी।

बताया जाता है कि अवधेश सिंह का मकान गांव से बीस मीटर की दूरी पर उतर दिशा में सड़क किनारे है। वे घर में अपनी पत्‍नी उर्मिला देवी के साथ रहते हैं। रात का भोजन कर करीब नौ बजे रात में वे मोबाइल पर लखनऊ में रह रही बेटी से बात कर रहे थे। इसी दौरान छत पर धमक का एहसास हुआ। लेकिन इसपर ध्यान नहीं गया। 

जैसे ही बातचीत बंद हुई कि कई हथियारबंद अपराधी धड़ाधड़ कमरे में घुस आए। पति-पत्‍नी की कनपटी में हथियार सटा दिया। कहा- सब सामान दे दो। गृहस्‍वामी ने बताया कि डकैतों ने उनकी पत्‍नी के गले से सारे जेवर उतार लिए। इसके बाद तीन घंटे तक वे हर सामान को खंगालते रहे।

इस घटना में आठ अटैची व सात बक्से भी ले गए। यही नहीं घर में रखा गया अचार का डिब्बा तक नहीं छोड़ा। इस घटना में चार लाख से अधिक के सामान की डकैती की बात कही गई।  जाते समय अपराधियों ने पति-पत्‍नी के मोबाइल भी छीन लिए। उनके जाने के बाद दंपती ने शोर मचाया। 


इसके बाद आसपास के लोग जुटे। पुलिस को सूचना दी गई। लेकिन पुलिस करीब छह घंटे बाद पहुंची। सुबह करीब छह बजे पहुंची पुलिस को छानबीन के दौरान घर से कुछ दूर सिवाना में खाली बक्‍से और अटैची फेंके मिले। वहीं घर के बाहर से लगाई गई बांस की सीढ़ी भी पुलिस ने बरामद की है। प्राथमिकी दर्ज की है।

Input-dainik jagran