MADHUBANI : इस वक़्त की बड़ी खबर मधुबनी जिले से सामने आ रही है जहां एक बार फिर तेज रफ़्तार का कहर देखने को मिला है. मामला अरेर थाना क्षेत्र के पौना गांव का है. दरअसल, तेज रफ़्तार ट्रक से टक्कर लगने के बाद चार दोस्तों की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई है.
दिल दहला देने वाली इस वारदात में घटनास्थल पर ही ट्रक से कुचलने के कारण चारों युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। बाइक भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना को अंजाम देने वाले चालक ट्रक लेकर घटनास्थल से फरार हो गया।
उक्त दर्दनाक घटना में ट्रक से कुचलने के कारण बुलेट सवार जिन चार युवकों की मौत हो गई, उसमें बेनीपट्टी प्रखंड के एकतारा गांव निवासी प्रवीण कुमार एवं बिचखाना गांव निवासी मनीष कुमार, बिस्फी प्रखंड के केरवार गांव निवासी नीतीश कुमार एवं रघेपुरा गांव निवासी विमलेश कुमार शामिल है। मृतकों का उम्र 18 से 22 साल तक बताया जा रहा है।
घटना की सूचना मिलते हुए पुलिस घटना स्थल पर जाकर मृतकों के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, मधुबनी भेज दिया। हालांकि रात में शव का पोस्टमार्टम नहीं किया गया। मंगलवार को पोस्टमार्टम किया जाएगा। घटना स्थल से क्षतिग्रस्त बाइक को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। अज्ञात ट्रक चालक के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया की जा रही है।