GOPALGANJ : बिहार के गोपालगंज जिले में नगर थाने के छपिया गांव में दहेज में तीन लाख रुपए की मांग पूरी नहीं होने से ससुरालवालों ने बहू की जलाकर हत्या कर दी। इसके बाद साक्ष्य मिटाने के लिए शव को जला दिया।
मृतका छपिया गांव के विकास साह की पत्नी प्रीति देवी थी। इसकी सूचना मिलने के बाद महिला के मायके वाले उसके ससुराल पहुंचे और आसपास के लोगों से घटना की जानकारी ली। फिर घटना की सूचना नगर थाने की पुलिस को दी।
सूचना मिलने के बाद नगर थाने के एसआई एचएन राम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर मामले की छानबीन की। बताया गया है कि सीवान जिले के बसंतपुर थाने के नबीगंज ओपी के बाला गांव के नंदलाल साह की पुत्री प्रीति देवी की शादी वर्ष 2018 में नगर थाने के छपिया गांव के जगदीश साह के पुत्र विकास साह के साथ हुई थी।
शादी के बाद कुछ दिनों तक रिश्ता सही रहा। मगर बाद में ससुरालवाले दहेज में तीन लाख रुपए की मांग करने लगे। मांग पूरी नहीं होने पर उसे प्रताड़ित किया जाने लगा।
20 फरवरी को प्रीति का भाई गोपालगंज में आया था। इसके बाद वह अपनी बहन से मिलने के लिए उसके गांव छपिया गया तो घटना की जानकारी हुई। इसके बाद उसने घटना की सूचना अपने घरवालों को दी। फिर मामला पुलिस के पास पहुंचा तो पुलिस ने मामले की छानबीन की।
महिला की हत्या कर शव जलाने के मामले में मृतका के पिता नंद लाल साह के बयान पर पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। प्राथमिकी में प्रीति के ससुर जगदीश साह, सास रमावती देवी, पति विकास साह, देवर संदीप कुमार व सोनू कुमार को नामजद आरोपित बनाया गया है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए ससुर जगदीश साह व देवर सोनू साह को गिरफ्तार कर लिया। बाकि फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।