SAMASTIPUR : इंटरनेट मीडिया पर पिस्तौल के साथ एक युवक का तीन वीडियो वायरल हुआ है। इस वीडियो की शहर में काफी चर्चा रही। वायरल वीडियो में एक युवक तीन अलग-अलग स्थानों पर हाथ में पिस्टल लहराते हुए दिख रहा है। वहीं पांच शागिर्दों के साथ पिस्टल दिखाकर किसी नदी किनारे एक युवक को धमका रहा है।
वहीं दूसरे वायरल वीडियो में मारपीट की जा रही है। अपने शागिर्दों के साथ एक युवक को खींचकर किसी स्थान पर ले जा रहा है। वह बार बार मारपीट न करने की अपील कर रहा है। उसे भद्दी गालियां देता है और किसी व्यक्ति को कॉल करने की बात कह रहा है। जबकि तीसरे वीडियो में युवक खुलेआम दोनों हाथों में पिस्टल लेकर डीजे ट्रॉली पर डांस करता नजर आ रहा है।
पुलिस अधीक्षक विकास बर्मन ने बताया कि इंटरनेट मीडिया पर वायरल वीडियो संज्ञान में आई है। इसमें एक युवक अवैध हथियार लहरा रहा है। किसी व्यक्ति से मारपीट की जा रही है। इस सबंध में सत्यापन कराया जा रहा है।
मुफस्सिल थानाध्यक्ष को सत्यापन के लिए कहा है। इसके उपरांत प्राथमिकी कर आरोपित को गिरफ्तार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अवैध हथियार रखना गैरकानूनी है। इसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Input-dainik jagran