PURNIA : पूर्णिया में चूनापुर एयरफोर्स स्टेशन के एक जवान ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली है। मृतक की पहचान हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले निवासी जसविंदर सिंह (27 वर्ष) के रूप में हुई है। वह चूनापुर एयरफोर्स स्टेशन के मिलिट्री इंजीनियरिंग डिपार्टमेंट में क्लर्क पद पर तैनात थे। खुदकुशी की घटना शुक्रवार को हुई है।
सहकर्मियों ने बताया - उससे कम थी बोलचाल
जसविंदर सिंह के सहकर्मियों ने पुलिस को जानकारी दी कि वह लोगों से कम बोलचाल करता था। शुक्रवार सुबह 9 बजे ड्यूटी से पहले उससे मुलाकात हुई थी. तब वह सामान्य ही लग रहा था। इसके बाद हमलोग तैयार होने के लिए अपने-अपने कमरे में चले गए।
वह भी अपने कमरे में चला गया। दोपहर तक जब वह ड्यूटी पर नहीं आया तो हमलोगों ने खोजबीन शुरू की। जब वह नहीं मिला तो उसके कमरे की तरफ गए। कमरा अंदर से लॉक था। संदेह होने पर दरवाजा तोड़ा तो देखा कि उसका शव पंखे से लटक रहा था। गले में तार का फंदा लगा पंखे से लटका था।
3 साल पहले शादी हुई, दो साल का बेटा भी है
जसविंदर ऊना के उपमंडल बंगाणा के गांव मलांगड़ निवासी था। उसकी शादी 3 साल पहले तनु नाम की लड़की से हुई थी और दो साल का बेटा भी है। जसविंदर के पिता हरसीला राम भी सेना से रिटायर्ड हैं। उसका शव लेने भाई विशंभर बिहार पहुंचा था। सैन्य अधिकारियों ने जसविंदर का शव मिलने की खबर परिजनों को दी थी जिसके बाद परिवार में कोहराम मच गया था। ग्रामवासियों के अनुसार उसे किसी भी तरह की कोई परेशानी नहीं थी, वह ऐसे आत्महत्या का कदम नहीं उठा सकता।