RANCHI : रांची अपर बाजार के रहने वाले धीरज जालान ने एकतरफा प्यार में युवती के मंगेतर कुजू निवासी राहुल अधीर काे गोली मार दी। गर्दन में गोली लगने के बाद राहुल दौड़कर अपने मामा दीपक सिंह की दुकान में गया। राहुल को गोली लगी देख दीपक ने कुजू पुलिस को सूचना दी और उसे सदर अस्पताल रामगढ़ ले गए। वहां से राहुल काे मेडिका अस्पताल रांची ले जाया गया है। डाॅक्टराें के अनुसार, गाेली रीढ़ के ऊपरी हिस्से में फंसी है। राहुल पेशे से इंजीनियर है।
घटना कुजू पब्लिक हाई स्कूल के मैदान में हुई। गाेली मारने के बाद वह और उसका सहयोगी रांची फरार हो गया। राहुल के पिता तारकेश्वर राय ने बताया कि उनका बेटा दिन के लगभग 3 बजे मैदान में कुत्ता घुमा रहा था। उसी दौरान बाइक से धीरज जालान अपने साथी के साथ आया। उसने राहुल से कहा कि उसका प्रेम संबंध पेशे से वकील रांची की युवती से है, जिससे वह शादी करने जा रहा है। इसके बाद धीरज ने राहुल को शादी न करने की धमकी दी। इसे लेकर उन दोनों में तू-तू-मैं-मैं होने लगी। अचानक धीरज जालान ने राहुल पर गोली चला दी।