2021/02/13

बड़ी खबर : जमीन विवाद में हुई ताबड़तोड़ गोलीबारी..महिला समेत 2 लोगों को मारी गोली

SAHARSA : खबर सहरसा से आ रही है। जहाँ बीते 8 फरवरी को सीएसपी संचालक व राहगीर से हुई 4 लाख रुपये की लूट का मामला अभी ठंडा भी नहीं हुआ कि फिर बसनही थाना के सामने भूमि विवाद को ले एक पक्ष के द्वारा की गई गोलीबारी में एक महिला और पुरुष घायल हो गए। जिसके बाद घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने  थाना का निरीक्षण करने पहुंचे पुलिस निरीक्षक के समक्ष जमकर थाना-पुलिस का विरोध किया। 

 पूरा मामला बसनही थाना क्षेत्र का है। जहाँ थाना क्षेत्र के महुआ बाजार निवासी शम्भू गुप्ता समेत उनकी 50 वर्षीय भाभी जयमाला देवी को बुरी तरह जख्मी कर दिया। हालांकि घटना का कारण जमीनी विवाद बताया जा रहा है।वही घटना के बाबत जख्मी शम्भू गुप्ता की पत्नी ने बताया कि बसनही थाना क्षेत्र के मलोधा गांव नीवासी दिनेश यादव व सरोनी गांव नीवासी उमेश यादव समेत दर्जनों अज्ञात हथियार बन्द अपराधीयों ने घर पर आकर गोली चलाना शुरू कर दिया। 

जिसमें मेरे पति शम्भू गुप्ता को हाथ में व मेरी गोतनी जयमाला देवी को पैर में गोली लगी है। पीड़ित के परिजन ने बसनही पुलिस पर यह आरोप लगाते हुए कहा कि पुलिस व अपराधियों की मिलीभगत से हीं गोलीबारी की घटना को थाना के सामने अंजाम दिया गया है।

बसनही थाना क्षेत्र के लोगों में यह चर्चा का विषय बना हुआ है कि सरेआम हाट के दिन बसनही थाना के सामने अपराधियों द्वारा इस तरह की घटना व लगातार थाना क्षेत्र में बढ़ रहे आपराधिक घटना इस बात का जीता जागता सबूत है कि अपराधियों में बसनही पुलिस का खौफ नहीं है। 

स्थानीय लोगों की माने तो गोलीबारी की घटना के कुछ देर पूर्व दोनों पक्षों में बढ़ता विवाद देखकर कई लोगों ने थानाध्यक्ष को फोनकर बड़ी घटना होने की आशंका भी जाहिर करते हुए सुचना दिया था तथा पीड़ित ने भी एक दिन पूर्व ही सपरीवार समेत जानमाल की रक्षा की गुहार लगाते हुए बसनही थाने को आवेदन देकर उक्त लोगों के विरुद्घ उचित क़ानूनी कारवाई करने की बात कही थी लेकिन पीड़ित द्वारा दिए गए आवेदन को गम्भीरता से नही लिया गया। 

जिस कारण शुक्रवार की शाम गोलीबाड़ी की घटना हुई जिसमें दो लोग घायल हुए। वहीं घटना के बाद मौके पर पहुँची पुलिस ने घटनास्थल से तीन खोखा बरामद कर जाँच पड़ताल करने में जुट गई तथा जख्मी को ईलाज के लिए अस्पताल भेजा दिया गया। घटना के तुरंत बाद सिमरीबख्तियारपुर सर्किल इंस्पेक्टर राकेश कुमार सिंह बसनही थाना पहुँचकर घटना की जानकारी ली एवं मामले की तफ्तीश जुट गए। 

वहीं थाना के ठीक सामने चली कई राउंड गोलीबारी से स्थानीय लोग  दहशत में हैं और स्थानीय पुलिस की कार्यशैली पर कई सवाल खड़े कर रहे हैं। वहीं शनिवार को घटना से गुस्साए आक्रोशित ग्रामीणों ने महुआ बाजार पुरी तरह बन्दकर पुलिस के उदासीन रवैये के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन किया। उक्त विरोध प्रदर्शन मौके पर पहुंचे आलाधिकारियों के आश्वासन के बाद शांत हुआ।

रिपोर्ट-रितेश हन्नी@सहरसा