जानकारी के अनुसार, खगड़िया जिले के बभनगामा गांव के एक ही परिवार के सदस्य अपने रिश्तेदार जलकोरा गांव के लोगों के साथ बच्चों का मुंडन कराने देवघर जा रहे थे।
गाड़ी में 40 लोग सवार थे। अमरपुर से बांका की ओर जाने के क्रम में मंझगांय मोड़ के समीप गाड़ी का टायर फट गया तथा बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकराकर पलट गई।
बस पलटते ही यात्रियों में अफरातफरी मच गई। बस पलटने की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग वहां पहुंचे तथा बस के अंदर फंसे लोगों को बाहर निकालने का काम किया। खैरा के पंकज सिंह, मालदेवचक के बबलू सिंह, छतहरा के पंकज कुमार, विकास कुमार विक्की आदि ने घायलों को बस से निकाला।
घटना की सूचना पर थानाध्यक्ष अरविंद कुमार सिंह के अलावा रामाश्रय प्रसाद, राजेश सिंह, राजीव रंजन आदि पुलिस अधिकारी भी पहुंचे। अमरपुर रेफरल अस्पताल से एंबुलेंस नहीं भेजे जाने पर बांका से एंबुलेंस भेजा गया। इस बीच स्थानीय लोगों ने ऑटो से घायलों को अस्पताल भेजना शुरू किया।
बाद में दो एंबुलेंस से घायलों को रेफरल अस्पताल भेजा गया, जहां डॉ. नवल किशोर साह एवं डॉ पंकज कुमार ने घायलों का उपचार किया। 13 घायलों को बेहतर इलाज के लिए भागलपुर रेफर कर दिया। पुलिस ने बस को जब्त कर थाना ले आयी है।
अमरपुर अस्पताल से रेफर किये गये घायलों में बभनगामा के राजीव सदा, विभा कुमारी, भोला देवी, कंचन सदा, ललटून सदा, गायत्री देवी, शारदा देवी, मीना देवी, जलकौरा गांव के अमल देवी, संजीत राम, सुंदर सदा एवं राधा देवी तथा बलहा गांव के बीबीसी कुमार शामिल हैं।